गत दिनों शराब सेल्समैन की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। बाबैन पुलिस ने महिला संतोष वासी बाबैन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज करके जेल भेज दिया है।
पुलिस उप-अधीक्षक सुभाष चंद्र ने बताया कि 28 अगस्त को शुभम वासी बन ने थाना बाबैन पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता प्रेमचंद पातड़ा (पंजाब) में शराब के ठेके पर बतौर सेल्समैन नौकरी करते थे। करीब चार साल पहले उसके पिता ने उसे बताया था कि बाबैन वासी महिला उसे परेशान कर रही है। उसके बाद उक्त महिला ने उसके परिवार को भी परेशान करना शुरू कर दिया था। आरोपी महिला ने उसके खिलाफ भी छेड़खानी करने का आरोप लगाकर थाना बाबैन में एक शिकायत दे दी थी, जिसका पंचायती तौर पर फैसला हो गया था। उसके बाद भी वह उसके पिता व परिवार को परेशान करती रही, जबकि उसका पिता उससे दूरी बनाना चाहता था। 14 अगस्त को उक्त महिला उसके पिता को घर से लेकर गई थी। छह दिन बाद 19 अगस्त को उनको सूचना मिली कि उसके पिता की लाश उक्त महिला के घर के पास पड़ी है। शिकायत पर थाना बाबैन में मामला दर्ज करके जांच करते हुए 28 अगस्त को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में महिला को गिरफ्तार करके कारागार भेज दिया है।
यह है मामला
बन वासी प्रेमचंद (47) का शव बाबैन पावर हाउस से बरामद हुआ था। परिजनों ने उक्त महिला पर हत्या का आरोप लगाया था। शव के पास से पुलिस को सल्फास, पानी की बोतल और चूड़िया बरामद हुई थी, मगर पुलिस द्वारा इत्तेफाकिया रपट दर्ज करने के विरोध में परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में छोड़कर लाडवा-इंद्री चौक को करीब साढ़े 6 घंटे जाम लगाकर रखा था। तब एसपी के आश्वासन पर परिजन जाम खोलने को राजी हुए थे। अब इस मामले में पुलिस ने महिला को गिरफ्तार किया है।