कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड और शहर की धार्मिक और समाज सेवी संस्थाओं के सहयोग से सन्निहित सरोवर पर 25 सालों बाद 16 और 17 सितंबर को 2 दिवसीय वामन द्वादशी मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले के उद्घाटन सत्र में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
मेले में हिंडोला कार्यक्रम भी होगा और इससे पहले हवन-यज्ञ और पूजा-अर्चना जैसे कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। राज्यपाल 2 बजकर 50 मिनट पर सन्निहित सरोवर पर पहुंचेंगे। इससे पहले राज्यपाल गीता ज्ञान संस्थानम केंद्र में करीब 2 बजे जीओ गीता लाइब्रेरी का उद्घाटन करेंगे और जीओ गीता संग्रहालय का अवलोकन करेंगे।
केडीबी के सीईओ अनुभव मेहता ने बताया कि संस्थाओं के सहयोग और संस्थाओं के कार्यक्रम के अनुसार 17 सितंबर को एक शोभा यात्रा निकाली जाएगी, यह शोभायात्रा दोपहर 2.30 बजे दुखभंजन मंदिर से चलकर गीता स्कूल मार्केट आर्य समाज मार्केट 17 सेक्टर से होते हुए आंबेडकर चौक से सीकरी चौक से होते हुए कच्चे घेर से वापस सन्निहित सरोवर पर जाएगी। वहां पर वामन भगवान को हिंडोला में नौका विहार करवाया जाएगा।
वामन द्वादशी मेला-2021 के बैनर तले कुरुक्षेत्र के थीम पार्क में वामन कुमार और वामन केसरी कुश्ती दंगल और कबड्डी नेशनल स्टाइल ओपन का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस दंगल में पांच श्रेणी की कुश्तियां होंगी। वामन द्वादशी मेले के अवसर पर थीम पार्क में इस बार कबड्डी नेशनल स्टाइल पुरुष ओपन की स्पर्धा होगी। इस खेल में एक टीम के 10 सदस्य भाग लेंगे। सभी प्रतियोगिताएं 16 और 17 सितंबर को भारतीय कुश्ती संघ और भारतीय कबड्डी संघ के नियमानुसार होंगी।
उन्होंने बताया कि इन खेलों में कोई भी खिलाड़ी भागीदारी कर सकता है और दोनों खेलों के लिए एंट्री 16 सितंबर को सुबह 10 बजे तक थीम पार्क में होगी। उन्होंने कहा कि इस वामन द्वादशी मेले के आयोजन में कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के साथ-साथ कई धार्मिक व सामाजिक संस्थाएं अपना सहयोग करेंगी।