संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। जीटी रोड गांव मसाना के पास सोमवार की सुबह करीब सात बजे एक कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में कार बेकाबू होकर डिवाइडर को पार करती हुई दूसरी ओर हाईवे पर सामने से आ रही राजस्थान रोडवेज की बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और बस का अगला हिस्सा भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
भीषण दुर्घटना में कार सवार एक सरिया कंपनी के एचओडी की पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अस्पताल ले जाते समय सात साल के बच्चे ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान अफसाना (29) और मोहम्मद साद के रूप में हुई है। वहीं एचओडी रानू वासी कालाअंब को गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ भर्ती कराया गया है।
दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पाकर थाना सदर थानेसर पुलिस मौके पर पहुंची तथा हाईवे से क्षतिग्रस्त वाहनों को साइड में कराकर घटना की सूचना परिजनों को दी। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
थाना सदर थानेसर पुलिस को दी शिकायत में सलीम अहमद वासी कालाअंब (हिमाचल प्रदेश) ने बताया कि उनका बेटा रानू (34) बद्दी (हिमाचल प्रदेश) स्थित सरिया बनाने वाले एक कंपनी में इलेक्ट्रीशियन विभाग में बतौर एचओडी कार्यरत है। सोमवार को वह पत्नी अफसाना और बेटे मोहम्मद साद के साथ बद्दी से अपनी कार में दिल्ली जाने के लिए चला था। रास्ते में उसे पत्नी व बच्चे को मायके लोहिनी में छोड़ना था। जैसे ही वे लोग गांव मसाना के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे वाहन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी कार बेकाबू होकर डिवाइडर को पार करते हुए हाईवे के दूसरी ओर सामने से आ रही राजस्थान रोडवेज की बस से टकरा गई।
हादसे में उनकी पुत्रवधू अफसाना की मौके पर ही मौत हो गई और पोते मोहम्मद साद ने शाहाबाद अस्पताल जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं घायल अवस्था में बेटे रानू को राहगीरों की मदद से एलएनजेपी अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करके शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया है।
मोहम्मद साद की फाइल फोटो।- फोटो : Kurukshetra
पिपली सदर थाने के बाहर खड़ी जयपुर डिपो की क्षतिग्रस्त बस और ग्रस्त कार। संवाद- फोटो : Kurukshetra