संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। पांच महीने पहले रंजिशन सामूहिक हमला करके गंभीर चोट पहुंचाने के मामले में पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता नरेश सागवाल ने बताया कि 30 मार्च को राय सिंह उर्फ राजूवासी अजराना कलां ने थाना झांसा पुलिस को दिए बयान में बताया था कि वह अजराना कलां में ईंट भट्टे पर ट्रैक्टर चलाता है। 29 मार्च की शाम मोहित, राहुल, राजीव उर्फ छटकू, कमली, बिट्टू वासी अजराना कलां व एक नाबालिग युवक ने तलवार, रॉड व डंडे बिंडे से अपने अन्य 25-30 साथियों के साथ मिलकर हमला कर दिया था। मोहित ने बलराम के सिर पर गडांसी मार दी थी। जब वह उसे बचाने की कोशिश करने लगा तो बिंदू व राहुल ने उस पर डंडे-बिंडे व तलवार से हमला कर दिया।
शोर सुनकर मौके पर अन्य साथी पहुंचे तो आरोपी हथियार सहित मौके से फरार हो गए। गांव के लोगों ने उनको सरकारी अस्पताल कुरुक्षेत्र में दाखिल कराया, यहां बलराम को ज्यादा चोट लगने के कारण पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। बयान पर थाना झांसा पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच करते हुए 30 मार्च बलवंत उर्फ बिंदू व एक नाबालिग को गिरफ्तार किया था। अगले दिन 31 मार्च को मामले के अन्य दो आरोपी मोहित व कमली को गिरफ्तार किया था। अब आगामी जांच करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी राहुल व सुरेंद्र कुमार उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार किया है।