कुरुक्षेत्र। पुरानी रंजिश के चलते गैंग को सुपारी देकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस ने 10 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस ने चार आरोपियों की निशानदेही पर सुपारी देने के मुख्य आरोपी सुंदर वासी रबारी मोहल्ला कलायत (कैथल) व अन्य आरोपी मुकेश उर्फ काका वासी दीदार नगर थानेसर को गिरफ्तार कर अदालत के आदेश से जेल भेज दिया है।
थाना केयूके में दर्ज शिकायत में 26 फरवरी को नौरंग वासी रावगढ़ ने कहा कि उसे जानकारी मिली थी कि कलायत (कैथल) वार्ड-आठ के रहने वाले तीन भाई सिकंदर, विनय और सुंदर ने कौशल गैंग को उसे व उसके परिवार को जान से मारने की सुपारी दी है। उन्होंने कई बार अनजान लोगों को उनका पीछा करते हुए भी महसूस किया था। 15 दिसंबर 2015 को उसके भाई पृथ्वी सिंह ने उक्त आरोपियों के खिलाफ थाना भूना (फतेहाबाद) में जानलेवा हमला करने के आरोप में मामला दर्ज कराया था। इस मामले में गांव का ही जितेंद्र भी शामिल था। आरोपियों ने उसके भतीजे धर्मबीर पर भी फायर किया था, जिसमें आरोपियों के खिलाफ केयूके थाने में मामला दर्ज है। इस घटना के बाद आरोपियों ने 15 मई 2019 को उसके भांजे दर्शन निवासी कलायत के साथ मारपीट की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच सीआईए-एक ने करते हुए चार मार्च को अजीत, मोंटू, विजय को गिरफ्तार करके अदालत से तीन दिन के रिमांड पर लिया था।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आरोपी अमरजीत को तथा नौ मार्च को सुपारी देने के मामले में शामिल मुख्य आरोपी सुंदर व अन्य एक आरोपी मुकेश उर्फ काका को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश करके कारागार भेज दिया है।