पुलिस ने बंद मकान से नकदी व जेवर चोरी करने वाले दो आरोपियों को काबू किया है। उनकी पहचान राहुल वासी केंद्रवास कॉलोनी अमीन व राजबीर उर्फ रवि उर्फ दुल्ली वासी धुराला के रूप में हुई है। आरोपियों को अदालत में पेश करके तीन दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 हजार रुपये और चोरी की एक्टिवा बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अंशु जैन ने बताया कि 23 नवंबर को विनोद निवासी सेक्टर-7 कुरुक्षेत्र ने थाना शहर थानेसर पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह 17 नवंबर को पत्नी के इलाज के लिए लुधियाना गया था। 23 नवंबर को उसके भाई प्रवीन ने उसे कॉल करके सूचना दी कि उसके घर के ताले टूटे हैं और सामान बिखरा पड़ा है। वह अपने घर पहुंचा तो उसने देखा कि मकान के ताले टूटे पड़े थे और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। वहीं कमरे में रखे करीब दो लाख 35 हजार रुपये, एक जोड़ी बाली, एक जोड़ी टॉप्स, एक अंगूठी, एक छोटी सोने की चैन और एक्टिवा सहित अन्य सामान गायब था। विनोद की शिकायत पर थाना शहर थानेसर में केस दर्ज कर सीआईए-1 ने जांच करते हुए गुप्त सूचना पर आरोप राहुल और राजबीर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करके तीन दिन के रिमांड पर लिया था। पुलिस नेे आरोपियों की निशानदेही पर उनके कब्जे से 11 हजार रुपये और चोरी की एक्टिवा भी बरामद कर ली। बुधवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को दोबारा अदालत में पेश किया। यहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है।