संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। रेलवे रोड पर चाकू घोंपकर की गई हरभजन की हत्या मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस बुधवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करके रिमांड मांगेगी। वहीं पुलिस ने चिकित्सकों के पैनल से हरभजन के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। परिजन हरभजन का शव पैतृक गांव बापा जिला यमुनानगर ले गए। वहां दोपहर बाद अंतिम संस्कार किया गया।
उल्लेखनीय है कि सोमवार शाम को रेलवे रोड पर दो गाड़ियां आपस में टकराने के बाद हुई कहासुनी में गांव बापा, जिला यमुनानगर वासी 26 वर्षीय हरभजन सिंह पुत्र बलकार सिंह की चाकू घोंपकर हत्या की गई थी। पुलिस ने मृतक के साले गांव शरीफगढ़ वासी जसपाल सिंह की शिकायत पर कृष्णा गेट थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
पुलिस को सौंपी शिकायत में गांव शरीफगढ़ निवासी जसपाल सिंह ने बताया कि वह फौज में नौकरी करता है। इस समय छुट्टी पर आया हुआ है। सोमवार सायं वह अपने जीजा हरभजन सिंह व उसके ताऊ के लड़के सुखचैन सिंह के साथ कार में आर्मी कैंटीन पिपली में सामान लेने आया था। तीनों पिपली पहुंचे तो कैंटीन बंद मिली। इस पर वे शहर में घूमने के लिए आ गए। सायं पांच बजे रेलवे स्टेशन की पार्किंग में गाड़ी खड़ी करके सामान खरीद कर वापस जाने लगे।
रेलवे रोड पर आत्म बेकरी के पास पहुंचे तो वहां पर सड़क पर एक गाड़ी खड़ी थी और उसमें ड्राइवर की बराबर वाली सीट पर एक युवक बैठा था। उसने अपनी हमें हमारी गाड़ी साइड में करने का इशारा किया। वह गाड़ी से नीचे उतरा तो युवक ने उसे गाली दी और उसकी पगड़ी की तरफ लपकने लगा। उसी समय आरोपी का दूसरा साथी भी आ गया और अपनी जेब से चाकू निकाल कर उसकी कमर में मारा। इतना ही नहीं, इन हमलावरों ने उसके जीजा हरभजन सिंह की गर्दन व छाती पर चाकू मारा, जिससे उसका जीजा खून से लथपथ हो गया।
वारदात को अंजाम देकर दोनें युवक कार सहित फरार हो गए। वे हरभजन सिंह को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां गंभीर हालत को देखते हुए उसके जीजा को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। वे हरभजन को एलएनजेपी अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
कृष्णा गेट थाना प्रभारी रोहताश कुमार ने बताया कि हरभजन सिंह की हत्या व जसपाल सिंह पर जानलेवा हमला करने के आरोपी सेक्टर निवासी साहिल वर्मा व साहिल गोयल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश करके रिमांड मांगा जाएगा। रिमांड के दौरान पुलिस गहनता से पूछताछ करेगी।