पिहोवा की पवन मार्केट स्थित शीतला माता मंदिर के नजदीक घी व चीनी के थोक व्यापारी की दुकान में बिजली के शार्ट सर्किट के कारण लगी आग से लाखों रुपये के घी के टीन और चीनी की बोरियां आग की भेंट चढ़ गईं।
गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हादसे के वक्त दुकानदार दुकान के ऊपर स्थित चौबारे में ही सो रहा था।
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड कर्मचारी मौके पर पहुंचे और एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाए जाने तक दुकान में रखे घी के टीन व चीनी की बोरियों सहित लाखों रुपये का अन्य सामान जलकर राख हो चुका था।
दुकान के मालिक महिंद्र गुप्ता ने बताया कि उनकी पवन मार्केट में घी और चीनी की थोक दुकान है। शनिवार की रात वह दुकान बंद कर दुकान के ऊपर बने चौबारे में सोने के लिए चला गया था।
सुबह लगभग चार बजे उसे दुकान से धुंआ उठता दिखाई दिया। उसने तुरंत नीचे आकर दुकान के शटर को खोला तो देखा कि दुकान में लगी भयंकर आग से दुकान में रखे घी के टीन व चीनी की अनेक बोरियां आग की भेंट चढ़ चुकी थीं। उसने तुरंत आगजनी की सूचना फायर ब्रिगेड कार्यालय में दी। हालांकि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
माना जा रहा है कि बिजली के शार्ट-सर्किट की वजह से दुकान में आग लगी थी। दुकान मालिक के अनुसार आग से उसका लाखों रुपये का नुकसान हो गया है।