कुरुक्षेत्र। एक महीना पहले ब्रह्मसरोवर के पास वेयर हाउस के सुरक्षा कर्मी से मोबाइल छीनने के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को काबू किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल बरामद कर लिया।
आरोपी राजकुमार वासी शास्त्री मार्केट, आलोक सिंह हाल वासी नजदीक ब्रह्मसरोवर व करतार सिंह वासी दबखेड़ी को पुलिस ने अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। देवीदयाल वासी भटेडी ने 18 जनवरी को थाना कृष्णा गेट पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह वेयर हाउस कुरुक्षेत्र में बतौर सुरक्षा कर्मी तैनात है। उसकी ड्यूटी रात को 10 बजे से सुबह छह बजे तक होती है। 18 जनवरी की सुबह वह ड्यूटी करके पैदल ब्रह्मसरोवर के पास से बिरला मंदिर की तरफ जा रहा था। उसी समय पांच युवक आए और उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए थे। शिकायत पर थाना कृष्णा गेट में मामला दर्ज करके जांच सीआईए-2 को सौंपी गई थी।
सीआईए-2 ने मामले की गहनता से जांच करते हुए आरोपी राजकुमार, आलोक सिंह व करतार सिंह को काबू करके पूछताछ की। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने छीना गया मोबाइल बरामद करके तीनों को अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया।