कुरुक्षेत्र। सेक्टर-3 से बंद मकान के ताले तोड़कर चोर लाखों रुपये के जेवर व नकदी चोरी कर ले गए। चोर मकान में लगे सीसीटीवी की डीवीआर भी ले गए। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-3 की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी वासी रघुबीर सिंह ने सदर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि वे परिवार सहित शादी समारोह में शामिल होने के लिए 13 नवंबर को पानीपत गए थे। वे अपने घर का बाहर से ताला लगा कर गए थे। दो दिन बाद 15 नवंबर की शाम जब वे वापस आए तो घर के अंदर जा कर देखा कि मकान के एक कमरे में रखी अलमारी व बेड से सारा सामान बिखरा पड़ा था। इसी कमरे में उन्होंने जेवर रखे हुए थे, जबकि अन्य कमरों में कोई सामान नहीं छेड़ा हुआ था। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का दौरा किया। बताया कि बेड के दराज में छिपाकर रखे गए 10 से 15 लाख रुपये के जेवर रखे हुए थे। जेवरों के ऊपर कपड़े व अन्य सामान रखा हुआ था, मगर चोर डिब्बों से जेवर को निकाल कर ले गए। इसके साथ ही अलमारी में रखे चार हजार रुपये व डीवीआर भी ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।