कुरुक्षेत्र। गांव खेड़ी मारकंडा की सरस्वती कॉलोनी वासियों ने कॉलोनी की एक महिला पर स्मैक बेचने का आरोप लगाया है। कई कॉलोनीवासी बुधवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से भी मिले और नशा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि वे पुलिस के कई अधिकारियों को कई बार शिकायत सौंप चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक धीरज कुमार के नाम शिकायत भी सौंपी। एएसपी कर्ण गोयल ने लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
वहीं कॉलोनी वासियों ने भी खुद भी सरस्वती फैमिली ग्रुप बनाकर पहरा देने का निर्णय लिया है और कॉलोनी से नशा खरीदने के लिए आने वालों को जागरूक करने की बात कही है। कॉलोनी वासी रघुवीर गर्ग, सुरेश कुमार, कृष्ण कुमार, संदीप अवस्थी ने बताया कि पिछले कई माह से सरस्वती कॉलोनी में एक महिला नशीला पदार्थ बेचने का धंधा कर रही है। इन नशेड़ियों के चलते अक्सर गली में झगड़े हो रहे हैं। नशेड़ी तेज गति से बाइक पर आते हैं और महिलाओं व लड़कियों पर अभद्र टिप्पणी करते हैं। उन्होंने नशा बेचने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। कॉलोनीवासी का कहना है कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण गोयल ने उनको मामले की जांच करके कार्रवाई करने का आश्वासन दिया हैं।
कॉलोनीवासी पहरा लगा करेंगे जागरूक
कॉलोनी में नशा बिकने से तंग आए कॉलोनी वासियों ने सरस्वती फैमिली ग्रुप बनाया है। यह ग्रुप अब गली में पहरा लगाकर नशीला पदार्थ खरीदने आ रहे लोगों को नशे के दुष्परिणामों को लेकर जागरूक करेगा।
पुलिस कर रही मामले की जांच: एएसपी
पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। नशा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कर्ण गोयल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक