अच्छी सड़क मेरा अभियान के तहत अमर उजाला ने रविवार को अमीन रोड की पड़ताल की। यहां अहिल्याबाई चौक वाली सड़क काफी खस्ताहाल में पाई गई। इस सड़क से राहगीरों को गुजरने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आसपास के दुकानदारों का कहना है कि ब्रह्मा चौक तक तो सड़क बना दी गई थी, लेकिन अहिल्याबाई चौक वाली एक किलोमीटर की सड़क का निर्माण आज तक नहीं हो पाया। इस एक किलोमीटर सड़क की हालत बहुत ज्यादा खस्ता है। आए दिन इन पर गिरकर कोई न कोई वाहन चालक जरूर चोटिल होता है। सबसे ज्यादा परेशानी बारिश के दिनों में आती है। वाहन चालक अचानक से सड़क पर पड़े गड्ढों में फसकर गिर जाते हैं। बता दें कि इस सड़क पर 200 के करीब दुकानें हैं। रोजाना सैकड़ों वाहन सड़क से होकर गुजरते हैं, जिसके कारण सड़क की हालत बद से बदतर हो चुकी है। वहीं यह सड़क खेड़ी रामनगर व अमीन के साथ लगते कई गांव को जोड़ती है। इस सड़क पर दो सरकारी गोदाम भी हैं,जहां सीजन के टाइम भारी भरकम ट्रक आते हैं, जिससे सड़क की हालत और ज्यादा खराब हो जाती हैं और यहां हादसे होने का खतरा और ज्यादा बढ़ जाता है। लोगों ने इस सड़क के जल्द से जल्द निर्माण की मांग की।
दुकानदार रमेश कुमार का कहना है कि लंबे समय से सड़क की ऐसी हालत नहीं हुई है। दुकानदारों के साथ साथ यहां सफर करने वाले सभी राहगीर बेहद ज्यादा परेशान हैं। बारिश के दिनों में परेशानी और ज्यादा बढ़ जाती है। कई बार बाइक सवार यहां गिरकर चोटिल हो चुके हैं।
दुकानदार सतपाल का कहना है कि जब सड़क पर वाहन चलते हैं तो सड़क के गड्ढों में भरी रोड़ी उखड़कर दुकान में रखे काउंटर पर आकर गिरती है। इससे कई बार दुकान में सामान को नुकसान भी पहुंचता है। वहीं पानी की निकासी न होने के कारण बारिश के दिनों सड़क जलमग्न हो जाती है।
साहिल ने बताया कि पिछले दिनों इस सड़क पर बाइक पर से गिरकर एक बच्चे को गंभीर चोटें आई थी। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, गनीमत रही बच्चे की जान बच गई। इस मात्र एक किलोमीटर सड़क के टुकड़ा को बनाने को लेकर वे विधायक के समक्ष भी गुहार लगा चुके हैं। खानापूर्ति के नाम पर सड़क में पड़े गड्ढों में रोड़ी भर दी जाती है। वहीं दुकानदारों द्वारा भी गड्ढों को भरने के लिए मलवा डाला जाता है, ताकि राहगीरों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
देवेंद्र कुमार ने बताया कि सड़क के निर्माण को लेकर कई जगह गुहार लगा चुके हैं। इस सड़क के कारण दुकानदारी भी बहुत ज्यादा प्रभावित हो रही है। लोग इस तरफ आने से बचते हैं। उनकी मांग है कि जल्द से जल्द इस सड़क के टुकड़े का निर्माण कराया जाए, ताकि यहां आए दिन होने वाले हादसों पर विराम लगाया जा सके।
नगर परिषद के ईओ बलबीर ने बताया कि शहर की सड़कों को ठीक करने औन नई सड़कों के निर्माण के लिए 12 करोड़ का एस्टीमेट बनाकर भेजा हुआ है, जैसे ही यह बजट पास हो जाएगा, सभी सड़कों को ठीक करा दिया जाएगा।