कुरुक्षेत्र। केयू थर्ड गेट के सामने नाकाबंदी करके जांच कर रही पुलिस टीम पर संदिग्धों ने वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। घटना के बाद आरोपी बोलेरो सवार मौके से फरार हो गए। इसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। मामले में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
उपनिरीक्षक सुरजीत सिंह ने कृष्णा गेट थाने में दी शिकायत में बताया कि बुधवार की रात थर्ड गेट चौकी के सामने वह अपने साथी पवन और नरसिंह के साथ गश्त कर थे। तभी सूचना मिली कि पिहोवा की ओर से एक संदिग्ध बोलेरो गाड़ी कुरुक्षेत्र की ओर आ रही है जिसमें संदिग्ध लोग बैठे हैं। इस पर पुलिस टीम ने थर्ड गेट के सामने नाकाबंदी करके जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद सूचना मिली कि उक्त गाड़ी का चालक पुलिस से बचने के लिए पुराने बाईपास रेलवे फाटक से होते हुए पिपली की ओर जाएगा। इसके बाद पुलिस ने उस स्थान पर पहुंचकर नाकाबंदी शुरू कर दी। तभी सामने से बोलेरो गाड़ी आती दिखी। शक होने पर पुलिस ने उस गाड़ी के चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन बोलेरो चालक ने गाड़ी रोकने की बजाए पुलिस टीम पर चढ़ाने का प्रयास किया। यही नहीं पुलिस की गाड़ी को भी टक्कर मारते हुए आरोपी बोलेरो सवार मौके से फरार हो गए। टक्कर लगने से एसआई सुरजीत सिंह दूर जा गिरे। उनके दोनों हाथ, पीठ, सिर, कंधे और अन्य जगहों पर चोटें आईं। शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।