पिछले तीन साल से निर्माणाधीन पिपली-थर्ड गेट सिक्स लेन प्रोजेक्ट शहरवासियों के लिए सिर दर्द बना हुआ है। सड़क पर हुए हादसों में 10 से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं और कई घायल भी हो चुके हैं। इतना कुछ होने के बावजूद भी निर्माण कार्य पूरा होने का नाम नहीं ले रहा है। इसी लेटलतीफी के चलते सड़क का निर्माण कर रही दूसरी एजेंसी का भी टेंडर रद्द कर दिया गया है। टेंडर रद्द करने की पुष्टि थानेसर विधायक सुभाष सुधा ने की है। विधायक का कहना है कि इस एजेंसी ने कार्य शुरू किया और काफी काम भी किया है, लेकिन इस कंपनी का काम भी नियमानुसार ठीक नहीं पाया गया और कंपनी पहले निर्धारित समय अवधि में कार्य नहीं कर पाई। इसके साथ ही गुणवत्ता पर भी पूरा फोकस नहीं रखा जा रहा था। इन तमाम पहलुओं को लेकर शीतकालीन विस सत्र में कंपनी का ठेका रद्द करने की मांग उठाई गई थी। इस मांग के बाद सरकार के आदेशानुसार लोक निर्माण विभाग के अधीक्षक अभियंता अंबाला ने 31 दिसंबर को गर्ग एंड कंपनी का ठेका रद्द करने के आदेश जारी कर दिए हैं। इसके साथ कंपनी को तुरंत प्रभाव से काम रोकने के आदेश भी जारी किए हैं। बता दें कि इससे पहले भी सिक्स लेन प्रोजेक्ट के निर्माण में लगी एक एजेंसी का टेंडर रद्द हो चुका है।
विभाग की तरफ से अब तीन अधिकारियों की एक कमेटी बनाई गई है। यह कमेटी जल्द गर्ग एंड कंपनी द्वारा किए कार्य की रिपोर्ट तैयार करेगी। इसके बाद सरकार की तरफ से नई एजेंसी को ठेका देने की कार्यवाही शुरू की जाएगी। इस सड़क के लिए राज्य सरकार की तरफ से करीब 57 करोड़ का बजट तय किया गया है।
विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि इस सड़क का निर्माण करने के लिए पहले एक एंजैसी को जिम्मा सौंपा गया था, लेकिन वह एजेंसी निर्धारित मापदंडों के अनुसार कार्य नहीं कर पाई। इस एजेंसी का ठेका लोक निर्माण विभाग की तरफ से रद्द कर दिया गया। इस एंजैसी के कारण लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था। इसके बाद विभाग की तरफ से नई एजेंसी गर्ग एंड कंपनी को सड़क निर्माण करने का जिम्मा सौंपा गया था, जिसे भी रद्द कर दिया गया है।