शाहाबाद। श्री लक्षचंडी महायज्ञ के दूसरे दिन रविवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस से सराबोर हुए। विशेष पंडाल में भजन संध्या के दौरान प्रख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास ने प्रस्तुतियों से भगवान राम, माता सीता और मां भगवती का गुणगान किया।
उन्होंने जब अपना प्रसिद्ध भजन...राम सृष्टा भी हैं और सृष्टि भी, राम दृष्टा भी हैं और दृष्टि भी...की प्रस्तुति दी तो श्रद्धालु झूम उठे।
उन्होंने जिंदगी जीने की सीख देते हुए कहा कि जन्म महत्वपूर्ण नहीं है, मृत्यु महत्वपूर्ण है। दशमेश पिता के पुत्रों ने छोटी उम्र में शहादत दी, लेकिन आज भी लोग उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेते हैं। उन्होंने कहा कि किसी दिन मुकद्दर जंगल में छोड़ देगा तो अंग्रेजी कहानियां नहीं, हमारा राम-श्याम और पुरुषार्थ ही काम आएगा।
ऋचा शर्मा की प्रस्तुति ‘तेरी राहवां विच पलकां बिछावां तू घर मेरे आजा दातिए’ पर झूमे श्रोता
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहाबाद। श्री लक्षचंडी महायज्ञ के दूसरे दिन रविवार को सांस्कृतिक संध्या में भजन गायिका ऋचा शर्मा ने भक्तिमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
गुमटी वाली माता जी की उपस्थिति में ऋचा शर्मा ने जब तेरी राहवां विच पलकां बिछावां तू घर मेरे आजा दातिए.. भजन पेश किया तो पंडाल में बैठे लोग झूम उठे। इसके बाद उन्होंने पल्ला-पल्ला भर दे पल्ला, सुन ले आज पुकारां, तैनू वाजां मारा, देवी मईया के भवन गुटवन खेले लांगूरिया की प्रस्तुति दी। इसके बाद उन्होंने अपना सबसे चर्चित भजन... रात श्याम सपने में आए ...पेश किया तो पंडाल में मौजूदा हजारों श्रद्धालु मंत्रमुग्ध नजर आए।
महाभारत के युधिष्ठिर, अपारशक्ति खुराना और लखबीर लक्खा की प्रस्तुति कल
गुमटी वाली माता मंदिर के मुख्य सेवादार कमल चुघ ने बताया कि 14 फरवरी को आयोजित की जाने वाली भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा, मणि लाडला, अपारशक्ति खुराना, महाभारत में युधिष्ठिर की भूमिका निभाने वाले गजेंद्र चौहान सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुति देंगे।
Shree Lakshchandi Mahayagya - The flow of devotional juice in the cultural evening- फोटो : Kurukshetra