कुरुक्षेत्र। गुरुकुल कुरुक्षेत्र के निशानेबाजों ने उम्दा प्रदर्शन करते हुए एसजीएफआई की ओर से आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सात पदक हासिल किए हैं। प्राचार्य कर्नल अरुण दत्ता ने बताया कि स्कूल्स गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) की ओर से जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं कराई गई। इसके तहत कुरुक्षेत्र की मोरनिबा शूटिंग एकेडमी में निशानेबाजी की विभिन्न प्रतिस्पर्धाएं हुई।
निशानेबाजी में कुरुक्षेत्र के करीब 150 छात्रों ने भाग लिया, जिसमें गुरुकुल के छात्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो गोल्ड, दो सिल्वर और तीन ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए। बताया कि गुरुकुल के आठवीं कक्षा के छात्र कार्तिक ने अंडर-14 में एयर राइफल ओपन साइट में तथा 11वीं के छात्र अखिलेश ने अंडर-19 एयर राइफल पीप साइट गोल्ड मेडल हासिल किए। वहीं आठवीं के ही छात्र हर्षित ने एयर राइफल ओपन साइट और 11वीं के छात्र गौरव कुमार ने एयर राइफल पीप साइट में सिल्वर मेडल जीता। अंडर-17 में 11वीं के विजय प्रताप सिंह ने एयर राइफल ओपन साइट में, 10वीं के आदित्य प्रताप राणा ने अंडर-19 में एयर राइफल पीप साइट में तथा 12वीं के अमन कुमार ने एयर राइफल ओपन साइट ब्रॉन्ज मेडल पर निशाना साधा। इस उपलब्धि पर गुरुकुल संरक्षक एवं गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, गुरुकुल प्रधान कुलवंत सिंह सैनी, निदेशक एवं प्राचार्य कर्नल अरुण दत्ता ने पदक हासिल करने वाले निशानेबाजों व कोच बलबीर सिंह को बधाई दी।