राष्ट्रीय लोक अदालत में 1758 मामलों का निपटारा किया गया है। इसके अलावा 7 करोड़ 94 लाख 90 हजार 39 रुपये के सेटलमेंट के आदेश पारित किए गए हैं। वहीं रविवार को कुरुक्षेत्र, पिहोवा और शाहाबाद में पीठ का गठन किया गया था। ये जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सीजेएम दुष्यंत चौधरी ने दी। उन्होंने बताया कि इस लोक अदालत में जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार शारदा ने भी शिरकत की और विभिन्न मामलों पर चर्चा की।
उन्होंने बताया कि लोक अदालत में विभिन्न विषयों के कुल 3201 मामले आए, जिनमें से 1758 मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया। इनमें प्री-लिटिगेशन के बैंक रिकवरी के 775 मामले उठाए गए, जिनमें से 117 मामलों का निपटारा किया गया है। इतना ही नहीं, इन मामलों में 1 करोड़ 59 लाख 11 हजार 639 रुपये की सेटलमेंट पास की गई। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 3201 मामलों में से 1758 मामलों का निपटारा करते हुए कुल 7 करोड़ 94 लाख 90 हजार 39 रुपये की सेटलमेंट की गई है। इन मामलों में आपराधिक, सिविल, बैंक रिकवरी, वाहन दुर्घटनाएं, बिजली पानी से संबंधित, श्रम विवादों, वैवाहिक झगड़ो के मामलों का निपटारा किया गया है। इन मामलों का निपटारा करने के लिए फैमिली कोर्ट के न्यायाधीश महावीर सिंह, न्यायाधीश अमित कुमार गर्ग, न्यायाधीश रजनीश कुमार शर्मा, न्यायाधीश नवजीत कलेर, न्यायाधीश मोनिका खनगवाल, न्यायाधीश तरुण चौधरी, न्यायाधीश राविश कौशिक, न्यायाधीश अमित श्योराण व स्थायी लोक अदालत की अध्यक्ष नीलिमा शांगला की पीठों का गठन किया गया।