गांव जंडौला के निकट कार की टक्कर लगने से बाइक सवार सेवानिवृत्त शारीरिक शिक्षक की मौत हो गई, जबकि उसका डेढ़ वर्षीय पोता घायल हो गया। दुर्घटना के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत पर कार नंबर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।
बाबैन थाना पुलिस को दिए अपने बयान में गांव जंडौला वासी उपदेश कुमार ने कहा कि उसका बड़ा भाई लेखराज शारीरिक शिक्षक के पद से सेवानिवृत्त था। बुधवार सुबह उसका भाई लेखराज अपने डेढ़ साल के पोते आथर्व के साथ बाइक पर गांव संघौर से अपने गांव की ओर जा रहा था। वह अपनी कार में उनके पीछे चल रहा था। करीब सुबह सवा 9 बजे जब उसका भाई जंडौला के नजदीक पहुंचा तो बाबैन की ओर से आए कार चालक ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उसका भाई व पोता बाइक समेत सड़क पर जा गिरे और दोनों घायल हो गए। उसने तुरंत कार को रोककर दोनों को संभाला। टक्कर लगने से उसके भाई के माथे पर चोट लगी थी।
उसकी दोनों टांगे टूट गई तथा नाक व कान से खून बह रहा था। वहीं आथर्व को भी कई जगह चोट लगी थी। उसने तुरंत मामले की सूचना परिजनों को दी। आथर्व को उसके पिता ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं लेखराज को एलएनजेपी अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत पर कार नंबर के आधार पर केस दर्ज करके शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया। संवाद