अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार में यूके, अमेरिका सहित अन्य देशों के शोधार्थी और शिक्षक पवित्र ग्रंथ गीता पर चर्चा और मंथन करेंगे। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार का थीम ‘श्रीमद्भागवत गीता के परिप्रेक्ष्य में विश्व गुरु भारत’ रखा गया है। इस सेमिनार के लिए यूके और अमेरिका के शिक्षकों ने अपनी सहमति भी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय प्रशासन को भेज दी है। हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन की तरफ से करीब 12 देशों के साथ देश-प्रदेश के विद्वानों, प्रशिक्षकों और शिक्षकों को निमंत्रण भी भेजा गया है। अहम पहलू यह है कि इस वर्ष सेमिनार को आजादी के अमृत महोत्सव के साथ जोड़कर आयोजित किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन 2 से 19 दिसंबर तक होगा। इस महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम 9 से 14 दिसंबर तक चलेंगे। इन मुख्य कार्यक्रमों में 9 दिसंबर को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार का आयोजन होगा। इस सेमिनार के आयोजन की जिम्मेदारी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपी गई है। इस सेमिनार के उद्घाटन सत्र में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय मास कम्युनिकेशन विभाग की तरफ से कई देशों और प्रदेशों की वक्ताओं को उद्बोधन के लिए आमंत्रित किया गया है। ये सत्र ऑफलाइन रहेगा। इस सेमिनार के दूसरे दिन 10 दिसंबर को ऑनलाइन सत्र होगा। इस ऑनलाइन सत्र में विश्वविद्यालयों के करीब 1 हजार शिक्षक और शोधार्थी चर्चा और मंथन करेंगे।
दूसरे दिन कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के 7 विभाग, जिनमें हिंदी, संस्कृति, इंडिक स्टडी, गीता संस्थान, आईआईएचएस, यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मैनेजमेंट व मास कम्युनिकेशन आदि शामिल है, की तरफ से शिक्षक और शोधार्थी विषय पर चर्चा करेंगे। इस दिन दो या तीन अंतरराष्ट्रीय और चार राष्ट्रीय शोधार्थी अपना वक्तव्य रखेंगे और इस सत्र में शोध पत्र भी वितरित किए जाएंगे। सेमिनार के अंतिम दिन 11 दिसंबर को समापन समारोह होगा और गीता संसद का आयोजन किया जाएगा। इस गीता संसद में विद्यार्थी भाग लेंगे। यह सेमिनार महोत्सव के आकर्षण का केंद्र रहेगा।
बॉक्स
अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार के प्रबंधों के लिए गठित की 21 कमेटिया : मंजुला
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की डीन एकेडमिक अफेयर प्रोफेसर मंजुला चौधरी ने कहा कि इस वर्ष कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में सेमिनार को सफल बनाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय की तरफ से 21 कमेटियों का गठन किया गया है। सभी कमेटियों अपने-अपने स्तर पर तैयारियां कर रही हैं।
बॉक्स
एक दर्जन देशों के विद्वानों को भेजा निमंत्रण : तेजेंद्र
सेमिनार के संयोजक सचिव एवं प्रोफेसर तेजेंद्र शर्मा ने कहा कि यूके, यूएसए, मंगोलिया, बुल्गारिया, अफगानिस्तान, मॉरीशस, अफ्रीका सहित करीब एक दर्जन देशों के विद्वानों को गीता सेमिनार के लिए निमंत्रण भेजा है। अभी तक यूके से रामनिवास, अमेरिका से प्रोफेसर सत्येंद्र धीमान, प्रोफेसर वी नटराजन, शिमला से प्रोफेसर राजकुमार ने सेमिनार के लिए सहमति प्रशासन को भेजी है।