संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। डासफी की ओर से पार्ट टाइम शिक्षकों की भर्ती में आरक्षण पॉलिसी न लागू किए जाने का विरोध किया गया। डासफी के पदाधिकारी शुक्रवार को दोपहर एक बजे रोज गार्डन में एकत्रित हुए व इसके बाद कुलपति कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश के राज्यपाल व मुख्यमंत्री से विश्वविद्यालयों में पार्ट टाइम शिक्षकों की भर्तियों में आरक्षण लागू किए जाने की मांग की गई।
डासफी केयू अध्यक्ष पिंटू सिंगला ने कहा कि प्रदेश भर में पार्ट टाइम शिक्षकों की भर्तियां निकाली जा रही हैं। कई विश्वविद्यालयों में भर्ती की प्रक्रिया पूरी भी हो चुकी है, लेकिन किसी भी विश्वविद्यालय ने इन भर्तियों में आरक्षण पॉलिसी लागू नहीं की गई। यह आरक्षित वर्ग के साथ अन्याय है। डासफी की मांग है कि जल्द से जल्द सभी विश्वविद्यालयों में आरक्षण लागू किया जाए। वहीं फ्रंट की ओर से चेतावनी भी दी गई है कि यदि भविष्य में होने वाली पार्ट टाइम टीचर भर्ती में आरक्षण पॉलिसी लागू नहीं की गई तो संगठन बड़े स्तर पर प्रदर्शन करने पर मजबूर होगा। इसकी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।
डासफी आईआईएचएस अध्यक्ष व छात्र नेता प्रदीप कुमार ने कहा कि कुछ समय पहले कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कई विभागों में पार्टटाइम टीचर्स की भर्ती की गई थी, लेकिन उस दौरान भी आरक्षण पॉलिसी को लागू नहीं किया गया। वहीं पार्टटाइम अध्यापकों के वेतन में भी वृद्धि की जाए। इस दौरान राजेंद्र सिरोही, पूजा, रीतू, अमित, अक्षय, अभिषेक, त्रिभुवन, संदीप वेद आदि मौजूद रहे।