संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। शहर के नए बस अड्डे की सुरक्षा राम भरोसे चल रही है। यहां दिन के समय मुख्य गेट से छोटे गेट तक कोई चौकीदार तैनात नहीं किया गया है। सुरक्षा के लिहाज से बनाई गई पुलिस चौकी बंद हुए दो साल से अधिक का समय बीत चुका है। पार्किंग का ठेका दो महीने पहले खत्म हो गया है। इस पर लोग जहां चाहते है, वहां अपने दुपहिया और चार पहिया वाहन खड़े कर देते है।
पिपली-थर्ड गेट मार्ग पर स्थित नया बस अड्डा धमनगरी का महत्वपूर्ण और अतिसंवेदनशील क्षेत्र है। सुबह से शाम तक यहां हजारों यात्रियों का आवागमन लगा रहता है। पर्यटन स्थल होने के कारण पर्यटकों भी इसी अड्डे से होकर आते-जाते हैं। कुछ दिन पहले ही पड़ोसी जिले करनाल में पुलिस ने चार आतंकवादियों को हथियारों के साथ पकड़ा था। इसके बाद गत शुक्रवार को जिला पुलिस की ओर से अड्डा परिसर में बम की सूचना पर मॉक ड्रिल की गई थी।
संवेदनशील क्षेत्र होने के बाद भी बस अड्डे की सुरक्षा को लेकर कोई इंतजाम नहीं किए गए। बस अड्डे के दोनों गेट से कोई भी आसानी से प्रवेश कर सकता है और बाहर भी निकल सकता है। इस कमजोर सुरक्षा व्यवस्था का फायदा असामाजिक तत्व उठा सकते हैं। पहले बस अड्डा परिसर में पुलिस चौकी होती थी। अड्डे के छोटे गेट के पास बनी इस चौकी में हर समय पुलिस के जवान तैनात रहते थे। पुलिस के यह जवान न केवल बस अड्डे की निगरानी करते थे, बल्कि परिसर में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लेते थे। पुलिस चौकी यहां से हटा ली गई। अब क पुलिस भी बस अड्डे पर नजर नहीं आती है।
वहीं बस अड्डा परिसर की पार्किंग का ठेका 31 मार्च को समाप्त हो चुका है। अब तक इसका ठेका दोबारा नहीं हुआ है। इसका खामियाजा रोडवेज कर्मियों को भुगतना पड़ रहा है। उनको पार्किंग के बाहर ही अपने वाहन लगाने पड़ रहे हैं, जिस कारण उन्हें अपने वाहनों के चोरी होने का डर भी बना रहता है। चौकीदार नहीं होने के कारण चोर आसानी से वाहन चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं। पिछले सप्ताह एक कर्मी की बाइक यहां से चोरी हो गई।
वहीं चौकीदार न होने के कारण निजी वाहन चालक बस अड्डा परिसर में कहीं भी अपने वाहन खड़े कर रहे हैं। इससे रोडवेज बस चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह और दोपहर के समय तो यह समस्या ज्यादा बढ़ जाती है, क्योंकि इस समय स्कूल व कॉलेज आने-जाने का समय होता है और अधिकतर युवा इस बस अड्डे पर पहुंचते हैं।
सुरक्षा के लिए पुलिस अधीक्षक को लिखेंगे : मुंजाल
रोडवेज महाप्रबंधक अशोक मुंजाल ने बताया कि 20 मई को पार्किंग के ठेके के लिए बोली होगी। वहीं सुरक्षा के लिहाज से पुलिस प्रशासन को पत्र लिखा जाएगा। पुलिस अधीक्षक से सिफारिश करेंगे कि यहां पर दोबारा से पुलिस चौकी स्थापित की जाए।
बस अड्डा परिसर में पुलिस चौकी जगह खड़े किए गए वाहन। संवाद- फोटो : Kurukshetra