संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। श्रीकृष्णा आयुष विश्वविद्यालय ने आयुर्वेद में बीएएमएस की 707 सीटों के लिए विद्यार्थियों को प्रोविजनल अलॉटमेंट दे दी है। चयनित विद्यार्थियों को उपस्थिति दर्ज कराने, दस्तावेज सत्यापन और ऑनलाइन फीस जमा करने के लिए 17 फरवरी तक का समय दिया गया है। बीएएमएस में दूसरे दौर की काउंसलिंग 25 फरवरी से शुरू होगी। दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थी चार फरवरी तक आवेदन कर सकते हैं। ये जानकारी आयुष विश्वविद्यालय की ड्राफ्ट एंड काउंसलिंग कमेटी के संयोजक डॉ. आशीष मेहता ने दी।
उन्होंने बताया कि आयुष विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले दस महाविद्यालय में 558 सीटों पर बीएचएमएस और बीएएमएस कराई जा रही है। इसके अलावा अन्य तीन महाविद्यालयों में भी दाखिला प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। काउंसलिंग के पहले दौर में 838 में से 707 सीट पर विद्यार्थियों को प्रोविजनल अलॉटमेंट दी गई है। चयनित विद्यार्थी 17 फरवरी तक संबंधित महाविद्यालयों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के साथ दस्तावेज सत्यापन और ऑनलाइन फीस जमा करा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों के कारण कोरोना महामारी में आयुर्वेद की स्वीकार्यता समाज में बढ़ी है, जिसके कारण बहुत से विद्यार्थी भी आयुर्वेद में बीएएमएस और एमडी करना चाहते हैं। काउंसलिंग प्रक्रिया में डॉ. सुरेंद्र सहरावत, डॉ. अनामिक, डॉ. नेहा लांबा व अतुल गोयल, संजीव मेहता व अशोक गौड़ अहम भूमिका निभा रहे हैं।