कुरुक्षेत्र। स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यूनिट ने एक व्यक्ति को दो किलो 100 ग्राम चूरापोस्त के साथ काबू किया है। आरोपी जीटी रोड पर स्थित ढाबों पर ट्रक चालकों को चूरापोस्त सप्लाई करता था। पुलिस ने ढाबे पर छापामार कार्रवाई करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ओमप्रकाश वासी पट्टी शहजादपुर नगला कुरुक्षेत्र को पुलिस ने अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण गोयल ने बताया कि 29 नवंबर को स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यूनिट अंबाला की टीम जीटी रोड पर गांव शरीफगढ़ अंडरपास के नजदीक गश्त कर रही थी, तभी टीम को सूचना मिली कि पिपली से शाहाबाद की तरफ जीटी रोड पर त्योड़ा थेह के पास न्यू शेरे पंजाब वैष्णो ढाबा है। इस ढाबे पर ओमप्रकाश ढाबा संचालक मालिक भंवर सिंह वासी गांव कठवा क्षेत्र के साथ मिलकर ढाबे पर आने वाले ट्रक चालकों को चूरापोस्त बेचते हैं।
इस समय भी आरोपी ओमप्रकाश ढाबे पर चूरापोस्त बेच रहा है। अगर तुरंत कार्रवाई की जाए तो ओमप्रकाश को चूरापोस्त सहित गिरफ्तार किया जा सकता है। सूचना पाकर पुलिस टीम ने पुलिस उप-अधीक्षक शाहाबाद आत्मा राम को साथ लेकर मौके पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान ढाबे पर मौजूद एक व्यक्ति को काबू करके उससे पूछताछ की तथा उसकी तलाशी ली। उसके कब्जे से दो किलो 100 ग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। आरोपी के विरुद्ध थाना शाहाबाद में नशीली वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर करने के बाद अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।