संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। जिला पुलिस ने जनता के बीच रहकर पुलिस उपस्थिति दिवस मनाया। इस संबंध में पुलिस की ओर से जिले में 11 जगह पर विशेष नाके लगाकर वाहनों की जांच की। पुलिस ने सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक जनता के बीच ड्यूटी संभाली। इस दौरान 250 पुलिस के अधिकारी और कर्मचारियों ने जनता को सुरक्षा का अहसास कराया। वहीं 44 पैदल दल ने सड़कों, गलियों और बाजारों में गश्त की।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अंशु सिंगला ने बताया कि पुलिस उपस्थिति दिवस पर मोहन नगर चौक, पुराना बस अड्डा, देवीलाल चौक, पिपली चौक, सेक्टर दो/तीन कट, इंद्री चौक लाडवा, बराड़ा रोड शाहाबाद, कुम्हार माजरा, ट्यूकर, अधोया व बस अड्डा पिहोवा पर विशेष नाके लगाए गए। इसके अलावा गलियों, मार्केट एरिया व अन्य स्थानों पर भी पुलिस ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। पुलिस के सभी राजपत्रित अधिकारी, सभी थाना प्रबंधक व चौकी इंचार्ज, 25 चीता राइडर्स, पीसीआर व स्कूटी टीम जनता के बीच रहे। इनमें 250 से ज्यादा पुलिस जवान शामिल थे।
उन्होंने बताया कि पुलिस उपस्थिति दिवस मनाने का मकसद सेवा, सुरक्षा और सहयोग के नारे को चरितार्थ करना है। जनता को विश्वास दिलाना है कि पुलिस सदैव जनता की सेवा में तत्पर है। उपस्थिति दिवस के दौरान नाकाबंदी व पेट्रोलिंग के माध्यम से संदिग्ध लोगों पर निगरानी रखना, नशा तस्करी पर रोक लगाना, अवैध असला रखने वाले अपराधियों को पकड़ना, वाहन चोरी को रोकना सहित वाहनों की जांच करना मुख्य लक्ष्य है। इसके अलावा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिक्रमण व अवैध पार्किंग को रोकना, स्थानीय अपराधियों की जांच करना व यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करना शामिल है।