संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। शहरवासियों के लिए करीब तीन साल से सिरदर्द बनी पिपली-थर्डगेट सड़क का निर्माण कार्य फिर शुरू होने की आस जगी है। तीन साल में दो टेंडर रद्द होने के बाद अब तीसरा टेंडर पंचकूला की इंद्रपाल एजेंसी को जारी हुआ है। उम्मीद जताई जा रही है कि 10 दिनों में औपचारिकताएं पूरी करने के बाद फिर से निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
करीब तीन साल पहले पिपली से थर्डगेट की सड़क को सिक्सलेन बनाने का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। पहली एजेंसी ने काम शुरू तो किया, लेकिन अनियमितताएं बरतने का आरोप लगाते हुए एक साल में ही पीडब्ल्यूडी ने कंपनी को ब्लैक लिस्ट कर उसका टेंडर रद्द कर दिया। इसके एक साल बाद गर्ग एंड गर्ग कंपनी को टेंडर जारी किया गया। इस एजेंसी ने सड़क का करीब 40 प्रतिशत काम किया, लेकिन इस एजेंसी पर विभाग ने समय पर निर्माण न करने व अनियमितताएं बरतने का आरोप लगाते हुए साढ़े चार करोड़ का जुर्माना लगाया और 31 दिसंबर 2021 को टेंडर रद्द कर दिया।
एजेंसी ने दो माह पहले से ही निर्माण कार्य बंद किया था। विभाग के फैसले के खिलाफ एजेंसी ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, जिस पर कोर्ट ने चीफ इंजीनियर को मध्यस्थता करते हुए फैसला करने के आदेश दिए थे। चीफ इंजीनियर के समक्ष इस मामले में नौ बार सुनवाई हुई, जिसमें विभाग के अधिकारी तो पहुंचे, लेकिन एजेंसी की तरफ से काई नहीं आया। अंत में चीफ इंजीनियर ने विभाग के पक्ष में फैसला करते हुए टेंडर को रद्द कर दिया था। उसके बाद फिर से एजेंसी हाईकोर्ट पहुंची, जिसे पर कोर्ट ने एक सेवानिवृत्त जज को मध्यस्थता कर फैसला करने को कहा है। इस केस में फिलहाल सुनवाई चल रही है।
तीन कंपनियों ने किया था आवेदन
पिपली से थर्ड गेट तक सड़क निर्माण कार्य के लिए तीन एजेंसियों, जिनमें इंद्रपाल पंचकूला, आरबीएमजेवी और महिंद्र कादियान पानीपत शामिल ने टेंडर भरा था। इसमें से छंटनी करने के बाद इंद्रपाल पंचकूला की एजेंसी को बुधवार को चंडीगढ़ में टेंडर अलॉटमेंट कमेटी (टीएसी) ने योग्य पाया है और इस एजेंसी को टेंडर अलॉट कर दिया है। इस अलॉटमेंट की तमाम औपचारिकताएं प्रशासनिक और फाइनेंशियल बीड को पूरा कर लिया गया है।
जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य : सुधा
विधायक सुभाष सुधा ने बताया कि पिपली से थर्ड गेट तक सड़क का निर्माण कार्य जल्द शुरू हो जाएगा। निर्माण क के लिए पंचकूला से इंद्रपाल एजेंसी को टेंडर दिया गया है। यह टेंडर टीएसी की बैठक के बाद जारी किया गया है। निर्माण करने के लिए ठेकेदार को कुछ माह का समय दिया जाएगा। लोक निर्माण विभाग से मिली फीडबैक के अनुसार पिछली एजेंसी ने सड़क निर्माण का 40 प्रतिशत कार्य पूरा किया है और इस ठेकेदार को करीब 16 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।