संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पर स्वास्थ्य विभाग ने 12 से 14 आयु वर्ग के बच्चों को सुरक्षा कवच पहनाने का कार्य शुरू कर दिया है। हालांकि, इस अभियान के पहले दिन बच्चों ने ज्यादा रुझान नहीं दिखाया। दोपहर बाद तीन बजे तक जिलेभर में मात्र 60 बच्चों को ही कॉर्बेवैक्स वैक्सीन की पहली डोज लगाई जा सकी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से कॉर्बेवैक्स वैक्सीन के लिए बुधवार दोपहर 12 बजे के बाद नए सेशन शुरू करने की बात कही गई थी, लेकिन दोपहर तक न तो सेशन शुरू हुआ और न ही कोविन पोर्टल पर कॉर्बेवैक्सन वैक्सीन को अपडेट किया गया। जिला अस्पताल में सुबह से दोपहर बाद तक कोई भी बच्चा कोरोना वैक्सीन लगवाने नहीं पहुंचा।
यहां स्वास्थ्य कर्मचारी तीन बजे तक बच्चों का इंतजार करते रहे। हालांकि यहां सुबह 11:07 पर कॉर्बेवैक्सन वैक्सीन पहुंच चुकी थी। स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को पोर्टल पर बिना पंजीकृत करे 60 बच्चों को कॉर्बेवैक्स वैक्सीन की पहली डोज लगाई है।
जिला नोडल अधिकारी एवं उप सिविल सर्जन डॉ. अनुपमा सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की पूरी तैयारी है। पहले दिन स्वास्थ्य विभाग ने 60 बच्चों को पहली डोज लगाई। इसके साथ ही सभी सीएचसी और पीएचसी स्तर पर दवा वितरित कर दी है। उम्मीद है कि वीरवार से टीकाकरण में तेजी आएगी।
टीकाकरण का शेड्यूल जारी
स्वास्थ्य विभाग ने वीरवार के लिए वैक्सीनेशन का शेड्यूल जारी किया है। जिले में 12 से 15 आयु वर्ग के बच्चों के लिए 17 जगह और 15 से 18 आयु वर्ग के किशोरों के लिए 47 स्थानों पर टीकाकरण किया जाएगा। शेड्यूल के अनुसार वीरवार को एलएनजेपी अस्पताल, पिहोवा सीएचसी के अंतर्गत एक स्थान पर, स्याणा सैयदां पीएचसी, ठसका मीराजी पीएचसी, रामगढ़ रोड़ पीएचसी, मथाना सीएचसी, खानपुर कोलियां पीएचसी, पिपली पीएचसी, लाडवा सीएचसी, बाबैन सीएचसी, गुढा पीएचसी, टाटका पीएचसी, डीग पीएचसी, कलसाना पीएचसी, शाहाबाद सीएचसी, मोहन नगर यूपीएचसी, कृष्णा नगर गामड़ी यूपीएचसी में कॉर्बेवैक्सन वैक्सीन की डोज लगाई जाएगी।