शाहाबाद। सहकारी चीनी मिल ने 10 मार्च तक मिल में सप्लाई किए गए गन्ना मूल्य का भुगतान कर दिया है। भुगतान राशि 168 करोड़ रुपये सीधे किसानों के खाते में डाली गई है। यह कुल खरीदे गए गन्ने के भुगतान का 78 प्रतिशत बनता है। यह भुगतान राज्य की सभी सहकारी चीनी मिलों से सर्वाधिक है।
यह जानकारी मिल के एमडी सतिंद्र सिवाच ने दी। अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि इस समय पेराई सीजन पूरे जोर से चल रहा है। 12 अप्रैल तक इस मिल ने 60 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई करके छह लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन किया है।
गन्ने की ऑन डेट रिकवरी 11 प्रतिशत है और टू डेट रिकवरी 10.17 प्रतिशत है। इस सीजन में अब तक चार करोड़ 90 लाख यूनिट का निर्यात हरियाणा विद्युत निगम को किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि मिल क्षेत्र में गन्ने का सर्वे करवा लिया है। उन्होंने मिल के गन्ना उत्पादकों को आश्वासन दिया है कि शाहाबाद शुगर मिल क्षेत्र के सभी किसानों का गन्ना पेराई करके ही मिल को बंद किया जाएगा।