कनाडा भेजने के नाम पर 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को नामजद किया है। आरोपियों ने 15 लाख रुपये में कनाडा भेजने का आश्वासन दिया था।
हरविंद्र सिंह वासी चम्मू कलां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके दोस्त मनोज ने कनाडा जाने के लिए पंकज शर्मा वासी लुधियाना व रणजीत सिंह वासी अमृतसर पंजाब से 2020 में बात कराई थी। आरोपियों ने उसे 15 लाख रुपये में कनाडा भेजने का आश्वासन दिया था। आरोपियों ने कहा था कि लॉकडाउन के चलते अभी काम बंद है और काम खुलते ही उसे कनाडा भेज देंगे। जनवरी 2021 में पंकज का उसके पास फोन आया था कि अब काम खुल गया है और वह उसे जल्दी ही कनाडा भेज देगा। उसके लिए आरोपियों ने उसे दो लाख रुपये, पासपोर्ट और अन्य कागजात लेकर उसके गांव के पास ही बुलाया था। वह अपने मामा मेजर सिंह व बलविंद्र को साथ लेकर पंकज के पास पहुंचा और उसे दो लाख रुपये, पासपोर्ट सहित अन्य कागजात दिए थे। आरोपी ने बकाया रकम कनाडा पहुंचने पर लेने की बात रखी थी, लेकिन आरोपी वीजा, टिकट व अन्य खर्चों के नाम पर उनसे पैसे लेते रहे। दो माह बाद 3 अप्रैल को आरोपियों ने उसे वीजा चेक करने के लिए चंडीगढ़ बुलाया था। उन्होंने 5 अप्रैल को टिकट बुक होने के एवज में उससे एक लाख रुपये लिए थे। उसके बाद आरोपियों ने 15 अप्रैल की कनाडा की फ्लाइट की टिकट उन्हें चेक कराई थी तथा दिल्ली बुलाया था। दिल्ली में आरोपियों ने उसे एक होटल में ठहरा दिया और कोरोना टेस्ट के नाम पर उससे 40 हजार रुपये लेकर रिपोर्ट पॉजिटिव बता दी। शक होने पर उन्होंने होटल में जाकर पता किया तो उनकी रिपोर्ट निगेटिव थी। वहीं जब टिकट के बारे पता किया तो आरोपियों ने 4 बजे ही टिकट रद्द करा दी थी। इस पर जब उसने आरोपियों से बात कि तो उन्होंने आश्वासन दिया कि कुछ दिन बाद वे उसे कनाडा भेज देंगे, लेकिन आरोपियों ने अपने नंबर बंद कर लिए थे और उनके कार्यालय पर ताले लगे हुए थे। शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को नामजद कर जांच शुरू कर दी है।