कुरुक्षेत्र। एनआईटी कुरुक्षेत्र के स्वीमिंग पूल के एंट्रेंस पर लटका ताला। संवाद
कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) कुरुक्षेत्र का स्वीमिंग पूल मई माह के अंत तक भी नहीं खुल पाया है। इससे विद्यार्थी, शिक्षक और विशेष रूप से खिलाड़ी वर्ग में निराशा है।
गर्मियों के मौसम में यह पूल केवल तैराकी के शौकीन शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए ही नहीं, बल्कि प्रतियोगी स्तर के खिलाड़ियों के लिए भी अभ्यास का प्रमुख केंद्र होता है। ऐसे में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खिलाड़ियों का कहना है कि इस देरी से उनकी तैयारी प्रभावित हो रही है, क्योंकि तैराकी जैसे खेल में नियमित अभ्यास अत्यंत आवश्यक होता है। छात्रों का कहना है कि गर्मी के इस मौसम में तैराकी से न केवल व्यायाम होता है बल्कि यह मानसिक तनाव को भी कम करता है। ऐसे में यह सुविधा बंद रहने से उनकी दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। खिलाड़ियों ने स्वीमिंग पूल को जल्द से जल्द खुलवाने की मांग की है।