कार की टक्कर लगने से काम निपटाकर घर लौट रहे स्कूटी सवार राजमिस्त्री की मौत हो गई। दुर्घटना के पश्चात आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज करके शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया है।
थाना बाबैन पुलिस को दी अपनी शिकायत में यशमन वासी बाबैन ने कहा कि उसके पिता मांगेराम राजमिस्त्री का काम करते थे। वीरवार को वह स्कूटी पर काम करने के लिए गांव रामशरण माजरा गए हुए थे। शाम के समय वह भी अपनी बाइक पर रामशरण माजरा गया हुआ था। शाम को काम निपटाने के बाद उसके पिता स्कूटी पर घर आ रहे थे। उनके पीछे वह भी अपनी बाइक पर आ रहा था। जैसे ही शाम करीब साढ़े 7 बजे उसके पिता गांव रामशरण माजरा स्थित एक पैलेस के पहुंचे तो पीछे से आए कार चालक ने उसके पिता की स्कूटी में कार से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उसके पिता स्कूटी समेत सड़क पर गिरकर घायल हो गए। वह तुरंत राहगीरों की मदद से पिता को लेकर बाबैन के सरकारी अस्पताल पहुंचा। यहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए वह उन्हें शाहाबाद के सरकारी अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शिकायत पर कार नंबर के आधार पर केस दर्ज करके शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया।