संवाद न्यूज एजेंसी
शाहाबाद। ऐतिहासिक श्री मारकंडेश्वर महादेव शिव मंदिर में सवा माह तक महाशिवरात्रि पर्व मनाया जाएगा। श्री मारकंडेश्वर महादेव शिव मंदिर सभा ने महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इसी कड़ी में रविवार को प्राचीन श्री शिव मंदिर में भगवा ध्वज पूजन किया गया। मंदिर सभा के प्रधान जगमोहन मनचंदा सभा के सभी सदस्यों के साथ ध्वज पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। सुनील शर्मा, महावीर शर्मा व प्रदीप शर्मा ने विधि विधान से ध्वज पूजन के साथ शिवलिंग का जलाभिषेक कराया। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सभा के प्रधान जगमोहन मनचंदा व सचिव संजीव भसीन ने बताया कि प्रतिवर्ष ध्वज पूजन के साथ इस पर्व का शुभारंभ किया जाता है। पिछले 73 वर्षों से मनाए जा रहे महाशिवरात्रि के पर्व पर इस वर्ष भी भोले बाबा की बारात के पड़ाव के तौर पर नगर के विभिन्न भक्तजनों के आवास पर प्रभातफेरियां का आयोजन किया जाएगा।
प्रभातफेरियां की श्रृंखला में 26 जनवरी को पहली प्रभातफेरी बलबीर सिंह, अवतार सिंह के हुड्डा स्थित मकान नंबर 800 में जाएगी। 26 जनवरी से 28 फरवरी तक आयोजित होने वाली 34 प्रभात फेरियों के बाद 28 फरवरी को ही भगवान भोलेनाथ की बारात के रूप में शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। मंदिर प्रांगण में एक मार्च को महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया जाएगा। 2-3 मार्च को मंदिर प्रांगण में शिव सम्मेलन तथा 4 मार्च को भजन संध्या का आयोजन होगा।
लगभग सवा महीने तक चलने वाले महाशिवरात्रि पर्व का 6 मार्च को भंडारे के साथ समापन होगा। इस अवसर पर शिव मंदिर सभा के कोषाध्यक्ष राजकुमार सलूजा, वीरेंद्र मनचंदा, राजीव शर्मा, विजय शर्मा, रमेश शर्मा, ललित अरोड़ा, पवन सलूजा, अजय मोंगा, प्रदीप करावा, संदेश सलूजा, विकास सचदेवा, अंकुश धवन, कपिल जुनेजा, निखिल मेंदीरत्ता, मुस्कान सलूजा, सन्नी मुल्तानी आदि उपस्थित रहे।