खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी (केयू) ने छठा रैंक हासिल करने में सफलता हासिल की हैं। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का आयोजन 25 मई से तीन जून तक उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में हुआ। केयू के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि अत्यधिक प्रतिस्पर्धी सत्र में विश्वविद्यालय की खेल टीमों ने उत्तर प्रदेश में आयोजित खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में छठा रैंक हासिल कर केयू के इतिहास में एक अमिट छाप छोड़ी है।
उन्होंने इस उपलब्धि के लिए खिलाड़ियों को बधाई दी। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का पहला आयोजन केआईआईटी भुवनेश्वर में हुआ, जिसमें केयू का रैंक 14 वें स्थान पर रहा और जैन यूनिवर्सिटी बेंगलुरु में आयोजित दूसरे खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में केयू के रैंक में सुधार हुआ और सातवें स्थान पर पहुंचने में कामयाब रहा।
वहीं इस वर्ष उत्तर प्रदेश में आयोजित तीसरे खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में सभी प्रतिभागी विश्वविद्यालयों में से केयू ने छठा स्थान हासिल किया है। खेल निदेशक, डॉ. राजेश सोबती ने बताया कि खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में केयू की टीमों ने बेहतर एथलीटों की मेहनत से आठ स्वर्ण, 11 रजत और नौ कांस्य पदक सहित 28 पदक हासिल किए।
महिला कबड्डी टीम और पुरुष वॉलीबॉल टीम ने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी और खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स दोनों में स्वर्ण पदक जीता है। कुश्ती पुरुष टीम ने पांच पदक जीते, इसमें सागर जगलान और आशीष द्वारा जीते गए दो स्वर्ण, और अन्य खिलाड़ियों के दो रजत और एक कांस्य पदक शामिल हैं।
केयू की महिला टीमों ने भी खेलो इंडिया में जबरदस्त प्रतिभा दिखाई, महिला कबड्डी चैंपियनशिप के अलावा, इसकी योग महिला टीम ने खेलो इंडिया में पहली बार रजत पदक हासिल किया और मुक्केबाजी में महिला टीम ने भी रजत पदक जीता। विश्वविद्यालय की तीरंदाजी रिकर्व महिला टीम ने कांस्य पदक जीता।
रोइंग पुरुष टीमों ने चार रजत पदक और दो कांस्य पदक जीते और शूटिंग 50 मीटर पुरुष टीम ने रजत पदक जीता। व्यक्तिगत चैंपियनशिप में अंश ने एथलेटिक्स 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक और कमलजीत कौर ने हेप्टाथलॉन में रजत पदक जीता। वेट लिफ्टिंग में दो ब्रॉन्ज मेडल के अलावा 81 किलोग्राम में अंशुल ने गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने बताया कि खेलो इंडिया में यूनिवर्सिटी गेम्स में इस रैंक पर रहने वाली केयू यूनिवर्सिटी हरियाणा की एकमात्र यूनिवर्सिटी है।