कुरुक्षेत्र के अमीन रोड पर बारदाने से लोड एक ट्रक में अचानक आग लग गई। इस हादसे में करीब साढ़े 17 लाख रुपये का बारदाना जलकर राख हो गया। वहीं ट्रक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ट्रक में आग लगने की ये घटना गैस गोदाम के बाहर ही हुई, ऐसे में लोग और भी भयभीत हो उठे थे।
बताया जा रहा है कि रेलवे प्लेटफार्म पर मालगाड़ी से बारदाना भरकर यह ट्रक निकला था। कुछ दूरी पर जाते ही उसमें से धुआं उठने लगा। जब उसमें आग की लपटें उठने लगी तो आसपास के लोगों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड केंद्र दी। इसके बाद चार गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बारदाना जलकर राख हो चुका था।
बताया जा रहा है कि जिला खाद्य एवं पूर्ति विभाग का यह बारदाना नई अनाजमंडी थानेसर ले जाया जा रहा था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया। जब आग नहीं बुझ पाई तो जेसीबी भी लाई गई और ट्रक से बारदाने की जलती गांठें हटवाई गई, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।
डीएफएससी सुरेंद्र सैनी का कहना है कि ट्रक में बारदाने की 65 गांठें थी और एक गांठ की कीमत 27 हजार रुपये है। ऐसे में करीब साढ़े 17 लाख रुपये का बारदाना जला है। आग कैसे लगी, यह पता नहीं चल पाया है। जांच की जा रही है।