बैठक में कैबिनेट मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने नाराजगी जताई। समिति के चेयरमैन स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने डीसी को स्पष्टीकरण मांगें जाने व एसीआर में कार्रवाई दर्ज करने के आदेश दिए। अधिकारी जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक को लेकर भी गंभीर नहीं दिख रहे।
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में विभिन्न समस्याओं से पीड़ित लोग अधिकारियों के पास न्याय की गुहार लेकर हर रोज पहुंच रहे हैं, लेकिन अधिकारी उनके कष्टों को कितना दूर कर पा रहे हैं, यह अंदाजा अधिकारियों की गंभीरता से ही लगाया जा सकता है।
विज्ञापन
लोगों की सीधे तौर पर शिकायतें सुनकर उनका निपटान तो दूर जिले के कई अधिकारी ऐसे लोगों के कष्ट मिटाने के लिए की जाने वाली लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक को भी गंभीरता से नहीं लेते। अधिकारियों की यह मनमानी अक्सर समिति की बैठकों में पहले भी देखने को मिली तो सोमवार को भी यह देख समिति के चेयरमैन एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. कमल गुप्ता भी हैरान रह गए। बैठक में पांच अधिकारी नहीं पहुंचे, जिन पर कैबिनेट मंत्री ने सख्त कार्रवाई करने के आदेश जिला उपायुक्त को आदेश दिए हैं।
अब इन अधिकारियों के खिलाफ उपायुक्त द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा और अधिकारियों की एसीआर रिपोर्ट में भी दर्ज किया जाएगा। वहीं बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में भी कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कई अधिकारी मनमानी करते हैं, लेकिन इसे सहन नहीं किया जाएगा।
विज्ञापन
अब कड़ी सख्ती बरती जाएगी और जो अधिकारी नहीं पहुंचे, उनके खिलाफ कार्रवाई के आदेश दे दिए गए हैं। भविष्य में भी ऐसे किसी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों को कष्ट निवारण समिति की बैठक को गंभीरता से लेना होगा ताकि लोगों को तुरंत न्याय मिल सके। अगर अधिकारी स्वयं गंभीर नहीं हुए तो उन्हें स्वयं इस विषय को और अधिक गंभीरता से लेना होगा।