गांव के किसानों ने रविवार को जिला परिषद चेयरमैन व डीआरडीए अध्यक्ष प्रवीण चौधरी के सामने अपनी खराब गेहूं की फसल का दुखड़ा रोया।
किसान बंता सिंह, जोगेंद्र सिंह, बलविंद्र सिंह, परगट सिंह, करनैल सिंह, अमरीक और चनन सिंह ने बताया कि उनकी सैकड़ाें एकड़ गेहूं की फसल बेमौसमी बरसात से खराब हो गई है।
किसानों ने कहा कि गांव में उनसे वोट की अपील करने तो कई पार्टियों के प्रत्याशी आते हैं, लेकिन उनकी समस्या का हल कोई नहीं करता।
किसानोें ने कहा कि उन्होंने बैंक से लिमिट कराई हुई है, जिसका पैसा उन्हें बैंक को देना है। सरकार व प्रशासन को चाहिए कि उनके खेतों की गिरदावरी कराए और उनके नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजा मुहैया कराया जाए।
जिला परिषद् चेयरमैन प्रवीण चौधरी ने कहा कि वे इस मामले को लेकर डीसी से बात करेंगे, ताकि किसानों की फसलों की गिरदावरी करवाई जा सके।
चौधरी ने कहा कि इस समय चुनाव आचार संहिता लगी हुई है, लेकिन वे डीसी से गिरदावरी कराने को लेकर बात करेंगे, ताकि उन्हें मुआवजा आचार संहिता के बाद मिल सके।
चौधरी रविवार को गांव में इनेलो प्रत्याशी बलबीर सैनी के चुनाव प्रचार के लिए गए थे। इस दौरान उन्होंने किसानों की खराब हुई फसल का भी निरीक्षण किया। उनके साथ संजय चौधरी भी मौजूद थे।