कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थी घर बैठे ऑनलाइन आवेदन तो कर रहे हैं, लेकिन फीस का भुगतान करने के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सत्र 2021-22 में दाखिला लेने वालों विद्यार्थियों को घर बैठे आवेदन करने से लेकर दाखिला लेने तक सारी प्रक्रिया ऑनलाइन करके बड़ी राहत दी है, लेकिन फीस का भुगतान करने के लिए डेबिट कार्ड का विकल्प न देकर मुश्किलें खड़ी भी कर दी हैं।
विद्यार्थियों को सिर्फ यूपीआई और नेट बैंकिंग के जरिए फीस का भुगतान करने का विकल्प दिया गया है। जिन विद्यार्थियों के पास नेट बैंकिंग और यूपीआई का विकल्प उपलब्ध नहीं है, उन विद्यार्थियों को फीस का भुगतान करने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। कुछ विद्यार्थी तो ऐसे हैं जो कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की मार्केट में पहुंच नेट बैंकिंग के जरिए फीस का भुगतान कर रहे हैं।
विद्यार्थियों की इस समस्या के समाधान को लेकर कई छात्र संगठन विश्वविद्यालय प्रशासन से मुलाकात कर चुके हैं, ताकि विद्यार्थियों को फीस भरते वक्त परेशानी न झेलनी पड़े। हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि डेबिट और क्रेडिट कार्ड की सुविधा को छोड़कर विद्यार्थियों को फीस भरने के लिए सभी मॉडर्न विकल्प दिए गए हैं। बताया गया कि विद्यार्थी पहले ऑनलाइन फीस का भुगतान करते हैं, लेकिन बाद में विश्वविद्यालय की सुविधा से असंतुष्ट का कारण बताकर चार्ज बैक कर लेते हैं, जिसकी वजह से विश्वविद्यालय को आर्थिक नुकसान हो रहा है। इस बार विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस बार डेबिट व क्रेडिट कार्ड को छोड़कर अन्य विकल्प दिए है, ताकि विद्यार्थी चार्ज बैक न कर सके। संवाद
सभी के पास नहीं नेट बैंकिंग की सुविधा, हो रही परेशानी : दीपेंद्र
इनसो के कैंपस अध्यक्ष दीपेंद्र बराड़ का कहना है कि जरूरी नहीं कि सभी विद्यार्थियों के पास नेट बैंकिंग की सुविधा उपलब्ध हो। फीस का भुगतान करने में विद्यार्थियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इनसो ने विद्यार्थियों की इस समस्या को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन से मुलाकात की थी, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ।
एमए द्वितीय वर्ष की फीस का करना था भुगतान, दिया था सिर्फ नेट बैंकिंग का विकल्प : सपना
छात्रा सपना ने बताया कि एमए द्वितीय वर्ष में दाखिले के लिए उन्होंने फीस का भुगतान करना था, लेकिन उस वक्त नेट बैंकिंग के अलावा कोई विकल्प दिखाई नहीं दे रहा था। उनके पास नेट बैंकिंग की सुविधा भी उपलब्ध नहीं थी। उन्होंने अपने परिचित से नेट बैंकिंग का पता कराकर फीस का भुगतान किया।
फीस का भुगतान करने के लिए उपलब्ध कराए हैं सभी मॉडर्न विकल्प : डॉ. दीपक राय
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय लोक संपर्क विभाग के उपनिदेशक डॉ. दीपक राय का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से विद्यार्थियों को क्रेडिट और डेबिट कार्ड के विकल्प को छोड़कर सभी मॉडर्न विकल्प विद्यार्थियों को दिए हैं, ताकि वह बिना किसी परेशानी के अपनी फीस का भुगतान कर सकें। विद्यार्थी नेट बैंकिंग, आरटीजीएस और यूपीआई से फीस का भुगतान कर सकता है। अगर फिर भी कोई दिक्कत आ रही है तो एसबीआई में कैश एंड काउंटर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। विद्यार्थी विश्वविद्यालय के हेल्पलाइन नंबर पर मदद के लिए संपर्क कर सकते हैं।