कुरुक्षेत्र। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की आम सभा की बैठक मंगलवार को कमेटी मुख्यालय पर होगी। बैठक में आम सभा के कोरम के लिए दो तिहाई बहुमत की शर्त पर बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
बजट बैठक के बाद बढ़े विवाद के कारण यह पहली बैठक होगी जिसके लिए सभी सदस्यों को बुलाया गया है। ऐसे में अब दूसरा पक्ष बैठक में पहुंचेगा या नहीं, इस पर हर किसी की निगाहें टिकी हैं।
वहीं कमेटी प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने कहा कि बजट बैठक में पहले दूसरा पक्ष हाजिर नहीं हुआ और जब बैठक में बजट पास किया गया तो बाद में हल्ला किया जाने लगा।
यही पक्ष न्यायिक आयोग भी पहुंचा, जहां गत 29 जनवरी को वे खुद भी आयोग के समक्ष पेश हुए। उन्होंने आयोग को भी स्पष्ट किया था कि 10 फरवरी को बैठक बुलाई जाएगी। इस बैठक के लिए सभी सदस्यों को समय पर सूचित कर दिया गया।
7 जनवरी को कमेटी की बजट बैठक हुई थी जिसमें दूसरे पक्ष ने कोरम पूरा न होने के आरोप लगाए थे। इन्हीं आरोपों के बीच विवाद बढ़ा तो प्रधान जगदीश सिंह झींडा श्री अकाल तख्त के जत्थेदारों के पास भी पहुंच गए थे और उन्होंने नामित सदस्य बलजीत सिंह दादूवाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग उठाई थी।