कुरुक्षेत्र। नकली चिकित्सक बनकर नागरिक अस्पताल के नाम से तीन लाख की दवाइयां मंगा ली। ठग ने खुद को लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल का चिकित्सक अमित गुप्ता बताया और मेडिकल कंपनी से करीब तीन लाख रुपये की दवाइयां ठग ली।
आरोपी ने फोन पर संपर्क कर दवाइयों का ऑर्डर दिया और पेमेंट के बदले फर्जी चेक थमाए, जो बाद में बैंक में बाउंस हो गए। पुलिस ने थाना कृष्णा गेट में धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मेडिकल कंपनी के मैनेजर गुलशन शर्मा ने बताया कि उनके पास एक फोन आया जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को डॉ. अमित गुप्ता बताया। उसने कहा कि वह जिला अस्पताल के रूम नंबर 201 में बैठता है और एक मरीज को तुरंत बाहर जाना है।
मरीज के लिए 10 डिब्बी (लैंटस कार्ट्रिज) शुगर नियंत्रण की दवा चाहिए। कंपनी के पास स्टॉक में पांच डिब्बे थे, इसलिए कंपनी ने करीब 90 हजार रुपये का बिल बनाकर भेज दिया और दवाइयां ले जाने के लिए बोला।
आरोपी ने एक अमीर चंद नामक ई-रिक्शा चालक को दवाइयां लाने व कंपनी को रुपये देने के लिए आईसीआईसीआई बैंक की देहरादून शाखा का चेक भेजा जिसने दवाइयां लेने के बाद वहां मौजूद लोगों को चेक सौंप दिया।
अगले दिन 3 जनवरी को फिर फोन आया कि रविवार को कैंप है और ज्यादा दवाइयां चाहिए। कंपनी ने दो लाख से अधिक का बिल बनाकर फिर दवाइयां भेज दी।
इस बार भी अमीर चंद ई-रिक्शा में आया और चेक देकर दवाइयां ले गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ई-रिक्शा चालक अमीर चंद और फर्जी चिकित्सक की तलाश में जुटी गई है।