कोरोना का नया वैरिएंट ओमिक्रॉन कुरुक्षेत्र में तेजी से पैर पसार रहा है। इसके साथ-साथ कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में भी तेजी से उछाल आया है। वीरवार को स्वास्थ्य विभाग ने यूएसए से कुरुक्षेत्र पहुंची 32 वर्षीय युवती को ओमिक्रॉन की पुष्टि की है। इसके साथ ही यूके से लौटे छह वर्षीय बच्चे सहित एक ही परिवार के तीन सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इन तीनों का जीमोन टेस्ट जांच के लिए दिल्ली भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार 22 दिसंबर को यूएसए से वापस कुरुक्षेत्र लौटी मूलरूप से सेक्टर-2 वासी 32 वर्षीय युवती की दिल्ली एयरपोर्ट पर रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद युवती को जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया। यहां स्वास्थ्य विभाग ने 23 दिसंबर को युवती का जीमोन जांच के लिए सैंपल दिल्ली भेजा। यहां से वीरवार को आई सैंपल की रिपोर्ट युवती को ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। युवती का जिला अस्पताल में ही उपचार किया जा रहा है।
उधर, 22 दिसंबर को यूके से वापस कुरुक्षेत्र पहुंचे शाहाबाद की गुरदेव कॉलोनी निवासी 43 वर्षीय व्यक्ति, 39 वर्षीय महिला व 6 वर्षीय बच्चे की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब जिले में दो ओमिक्रॉन के मरीजों सहित 17 केस सक्रिय हो चुके हैं। इनमें से 6 मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है और 11 मरीजों को अस्पताल में दाखिल किया गया है।
जिला सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर सिंह ने कहा कि दिन प्रतिदिन कोरोना पॉजिटिव केस बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में अब सभी को सतर्क रहने की आवश्यकता है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक लिए गए 622874 में से 598082 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। बताया कि विभाग द्वारा लिए गए आरटी पीसीआर के 1868 व रैपिड एंटीजन के 206 सैंपलों की जांच करने पर तीन की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। जिले में अब कुल 22 हजार 182 लोगों को कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। हालांकि इनमें से 21807 मरीजों ने कोरोना को मात दी,लेकिन 358 मरीजों की मौत हो गई।
जिला नोडल अधिकारी डॉ. कृष्णदत्त ने बताया कि 25 नवंबर के बाद से अब तक कुल 2739 लोग विदेश से वापस कुरुक्षेत्र पहुंचे हैं। इनमें से 8 लोगों को कोरोना की पुष्टि हुई है। विभाग द्वारा कोरोना का वेरिएंट पता लगाने के लिए इन मरीजों के सैंपल दिल्ली भेजे गए थे। अभी तक दो सैंपलों की रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को मिली है, जिनमें ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। अभी स्वास्थ्य विभाग को छह सैंपलों की रिपोर्ट का इंतजार है।