अंडर ट्रेनिंग आईएएस अधिकारी जया शारदा ने वीरवार को अरुणाय रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य का जायजा लिया। आईएएस अधिकारी ने अस्पताल परिसर में स्थापित आठ हजार लीटर क्षमता वाले ऑक्सीजन प्लांट की भी तकनीकी जानकारी हासिल की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को शीघ्र ही निर्माण कार्य को पूरा करने के निर्देश भी दिए। साथ ही उन्होंने कोविड आइसोलेशन वार्ड व अस्पताल में मिलने वाली अन्य मेडिकल सुविधाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया। जया शारदा ने कहा कि अरुणाय रोड स्थित निर्माणाधीन अस्पताल में नागरिकों को सभी प्रकार की चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इस राजकीय अस्पताल के नए भवन में ऑपरेशन थियेटर तथा कोविड आइसोलेशन वार्ड सहित अन्य मेडिकल सुविधाएं भी होंगी। कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन का सिविल वर्क पूरा हो चुका है। इस नए भवन में मेडिकल इक्विपमेंट और स्टाफ शिफ्टिंग का कार्य चल रहा है। यह कार्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन ब्लॉक में कोविड वायरस से प्रभावित लोगों के लिए आइसोलेशन वार्ड भी तैयार किए गए हैं। कोरोना महामारी के इस कठिन समय में प्रत्येक नागरिक के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना सरकार व प्रशासन की जिम्मेवारी है। आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न आए, इसके लिए अरुणाय रोड पर तैयार राजकीय अस्पताल में लोगों को दवाइयों तथा अन्य सभी प्रकार की मेडिकल सहायता प्रदान की जाएगी। नवनिर्मित अस्पताल के भवन में 50 बेड की सुविधा प्रदान की गई है। इस अस्पताल का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद नगर वासियों को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेगी।
आईएएस जया शारदा ने अस्पताल परिसर में स्थापित ऑक्सीजन प्लांट की तकनीकी जानकारी हासिल की। एसएमओ डॉ. ललित कल्सन ने बताया कि आठ हजार लीटर क्षमता वाले इस ऑक्सीजन प्लांट से अस्पताल सहित आसपास ऑक्सीजन सप्लाई की जा सकेंगी। शीघ्र ही यह प्लांट शुरू हो जाएगा।