सरकारी अस्पताल में उपचार कराने पहुंच रहे मरीजों को अब ओपीडी पर्ची के लिए लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। स्टेट हेल्थ सिस्टम रिसोर्स सेंटर (एचएसएचआरसी) ने मरीजों को राहत देते हुए स्वस्थ हरियाणा मोबाइल ऐप तैयार की है। जिला अस्पताल में उपचार कराने पहुंच रहे मरीज या उनके तीमारदार घर बैठे इस ऐप पर अपना ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं।
विशेषज्ञ से जांच व परामर्श लेने के लिए मरीजों को लंबी कतारों में भी नहीं खड़ा होना पड़ेगा और इससे समय की भी बचत होगी। ऑनलाइन पंजीकृत मरीज सीधा जाकर अपने डॉक्टर के पास उपचार करा सकते हैं। यही नहीं, इसके साथ चिकित्सक जो टेस्ट लिखेंगे और जो भी लैब की रिपोर्ट होगी इस ऐप के माध्यम से मरीज अपनी लैब रिपोर्ट को घर बैठे ही मोबाइल पर देख पाएंगे। उन्हें रिपोर्ट लेने के लिए अस्पताल में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस ऐप में मरीज की सारी हिस्ट्री स्टोर रहेगी, जिससे कभी भी देखा जा सकता है। इस ऐप की यह भी एक खासियत है कि इसकी मदद से ब्लड बैंक की जानकारी (ब्लड बैंक ई-रक्तकोष से लिंक है तथा ब्लड यूनिट की उपलब्धता के बारे में जानकारी मिल सकती है), जच्चा-बच्चा देखभाल व टीकाकरण संबंधी जानकारी भी उपलब्ध रहेगी।
उप सिविल सर्जन डॉ. अनुपमा सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज द्वारा आमजन को राहत देने के लिए स्वस्थ हरियाणा मोबाइल ऐप लांच की गई है। प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों तथा तीन मेडिकल कॉलेजों में चिकित्सा सुविधा के लिए आमजन घर बैठे पंजीकरण करा सकते हैं। मरीज अपनी इच्छा से किसी भी स्वास्थ्य संस्थान व ओपीडी का चयन कर सकेंगे, मरीज अपनी जांच रिपोर्ट अपने मोबाईल फोन पर डाउनलोड कर सकेंगे, सभी प्रकार की जांच रिपोर्ट का रिकॉर्ड तिथि अनुसार उपलब्ध होगा और मरीजों को इस ऐप द्वारा निकटतम ब्लड बैंक की भी जानकारी उपलब्ध होंगी। यह ऐप गूगल प्ले स्टोर पर भी उपलब्ध है।