पिपली रोड पर अतिक्रमण हटाते नप कर्मचारी।
- फोटो : संवाद
कुरुक्षेत्र नगर परिषद ने मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया, जिससे दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। अतिक्रमण के साथ-साथ परिषद ने अवैध होर्डिंग व बैनर आदि भी उतारे। दोपहर बाद नप की टीमों ने करीब तीन बजे अभियान शुरू किया, जो शाम छह बजे तक जारी रखा।
टीमें सबसे पहले शहर की लाइफ लाइन कही जाने वाली पिपली-थर्ड गेट रोड पर सेक्टर 10 के पास पहुंची, जहां से सड़कें फुटपाथों पर बनाईं झुग्गियां, अस्थायी दुकानें व रेहड़ियां हटाई गईं। जहां से सामान भी उठाया तो वहीं कई जगह झुग्गियां तोड़ी गईं।
नप की इस कार्रवाई से दुकानदारों व अन्य संबंधित लोगों में अफरा-तफरी मची रही। टीम ने सेक्टर दस ताज पार्क से शुरू की यह कार्रवाई नए बस अड्डे से भी आगे तक जारी रही। वहीं अवैध होर्डिंग व बोर्ड आदि हटाने का कार्य केडीबी रोड पर किया गया।
नप के मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेंद्र चोपड़ा का कहना था कि सड़क किनारे अतिक्रमण से हादसे की आशंका बढ़ जाती है तो वहीं सड़कें भी संकरी रह जाती है। संबंधित दुकानदारों को एक दिन पहले नोटिस दिया गया था, लेकिन जिन्होंने अपनी दुकानें नहीं हटाईं, उन पर नप ने कार्रवाई की है। उन्होंने अन्य दुकानदारों व दूसरे लोगों से भी आह्वान किया कि इस तरह से सड़क किनारे अतिक्रमण न करें। नप की यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।