संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। अब नगर दर्शन पोर्टल पर प्रदेश के सभी निकायों का पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध होगा। इसके साथ-साथ इस पोर्टल पर आम लोग अपनी मांग, शिकायत और सुझाव भी दे सकेंगे। राज्य सरकार ने आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हरियाणा में शहरी स्थानीय निकायों के संपूर्ण रिकॉर्ड को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने की दिशा में एक कदम बढ़ाते हुए इस पोर्टल की शुरुआत की है।
अपने कार्यालय बुधवार को बातचीत करते हुए उपायुक्त मुकुल कुमार ने कहा कि अब नागरिक अपने वार्ड से संबंधित किसी भी प्रकार की मांग को नगर दर्शन पोर्टल पर डाल सकेंगे। इसके अलावा आमजन इस पोर्टल पर शिकायत व सुझाव भी दे सकेंगे, जो आगामी कार्रवाई के लिए स्वत: संबंधित विभाग को प्रेषित हो जाएगी। पोर्टल पर हरियाणा के प्रत्येक निकायों में क्रियान्वित किए जा रहे विकास कार्यों सहित नए विकास कार्यों की मांग का संपूर्ण डाटा ऑनलाइन उपलब्ध होगा।
कहा कि नगर दर्शन का मुख्य उद्देश्य निकायों की वेबसाइटों के माध्यम से सभी सरकारी सेवाओं को नागरिकों के लिए सुलभ बनाना है। उनकी मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए ऐसी सभी सेवाओं की क्षमता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना है। राज्य सरकार का विजन था कि हरियाणा के प्रत्येक निकाय की अपनी वेबसाइट होनी चाहिए ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि शहरवासियों को उनके क्षेत्र में कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों और परियोजनाओं की जानकारी हो।