कुरुक्षेत्र। रोहतक में चल रही राष्ट्र स्तरीय जूनियर और सब जूनियर मुक्केबाजी प्रतियोगिता में मनोज बॉक्सिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने पदक हासिल किए हैं। सोमवार को हुए सेमीफाइनल मुकाबले में जिया, ध्रुविका, रितिका और लखविंद्र ने अपने-अपने वर्ग में खलते हुए कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
सोमवार को महिला वर्ग के सेमीफाइनल में जिया का मुकाबला यूपी की तनिष्का के साथ हुआ। इसी तरह ध्रुविका का मुकाबला उत्तराखंड की माया और रितिका का मुकाबला प्रदेश की ही खुशी अहलावत के साथ हुआ, जिसमें जिया, ध्रुविका और रितिका को 5-0 से हार का सामना करना पड़ा। उधर, पुरुषों का सेमीफाइनल मुकाबला बेहद कड़ा और रोमांचक रहा। इस मुकाबले में कुरुक्षेत्र के लखविंद्र का मुकाबला प्रदेश के ही मुक्केबाज ऋषभ के साथ हुआ। इस मुकाबले में ऋषभ ने लखविंद्र को 4-3 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। हालांकि कुरुक्षेत्र के हर्षजोत का मुकाबला देर रात तक चलता रहा।
मनोज बॉक्सिंग अकादमी के संचालक एवं कोच राजेश कुमार ने बताया कि रोहतक में ओपन टैलेंट हंट कार्यक्रम के तहत आरईसी फाउंडेशन की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर जूनियर व सब जूनियर मुक्केबाजी प्रतियोगिता कराई जा रही है। 14 अक्तूबर को शुरू हुई प्रतियोगिता का आज मंगलवार को फाइनल मुकाबले के साथ समापन हो जाएगा। इसमें जूनियर वर्ग में 208-208 और सब जूनियर में 224-224 देश भर से आए महिला व पुरुष खिलाड़ी हिस्सा ले रहे थे। इस प्रतियोगिता में उनकी अकादमी के सात खिलाड़ी हिस्सा ले रहे थे। इसमें से चार खिलाड़ी रितिका, धुव्रिका, जिया व लखविंद्र कांस्य पदक लेकर आए हैं।