संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। सभी साथियों व रिश्तेदारों को नमस्ते, राम-राम। किसी की कोई गलती नहीं है, मैं खुद बहुत परेशान हूं। मेरे पास फांसी के आलावा कोई चारा नहीं था। कई बार कोशिश के बाद आज काम पूरा हुआ। सुसाइड नोट में ये बात लिखकर गांव समसीपुर में भट्ठा मजदूर यूनियन के पूर्व प्रधान ने पंचायती धर्मशाला में पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतक की जेब से सुसाइड नोट बरामद हुआ। मामले की सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा शव को कब्जे लेकर शिनाख्त कराई। मृतक की पहचान नरसिंह (50) पुत्र फूल सिंह वासी समसीपुर के रूप में हुई है, जो कि कई बार भट्ठा मजदूर यूनियन का प्रधान रह चुका था। पुलिस ने मृतक के भतीजे सोहन लाल की शिकायत पर 174 की कार्रवाई करके शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया। केयूके पुलिस को दी शिकायत में सोहन लाल वासी समसीपुर ने कहा कि उसका चाचा नरसिंह पिछले करीब तीन साल से गांव में बनी पंचायती धर्मशाला में रहता था।
पंचायत की ओर से उसके चाचा को धर्मशाला में रहने की व्यवस्था बनाई थी। दिन में कुछ कामकाज करने के बाद वह रात को धर्मशाला में ही सोता था। वीरवार रात भी वह धर्मशाला में ही सोने के लिए आया था। देर रात उसने धर्मशाला में खड़े पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह उनको मामले की सूचना मिली तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया। केयू के थाना प्रभारी मांगे राम ने बताया कि पुलिस ने मृतक के भतीजे सोहन लाल की शिकायत पर 174 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया।
घर से बेदखल था नरसिंह
जानकारी के अनुसार नरसिंह को घर से बेदखल किया गया था। इस कारण वह पंचायती धर्मशाला में ही रहता था तथा कभी कभार अपने मां-बाप के पास खाना खाने आता था। नरसिंह चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। नरसिंह की पत्नी की मौत करीब 15 साल पहले हो चुकी थी तथा वह अपनी दोनों बेटियों की शादी कर चुका था।
पिहोवा सरस्वती तीर्थ के जनाना घाट में महिला की डूबने से मौत
शुक्रवार शाम करीब 6 बजे सरस्वती तीर्थ के जनाना घाट में एक 65 वर्षीय महिला की डूबने से मौत हो गई। आसपास के लोगों ने मामले की सूचना सिटी पुलिस को दी। सूचना पाकर सिटी थाना एसएचओ जगदीश टामक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा शव को सरोवर से बाहर निकलवाकर उसकी शिनाख्त कराई। मृतक महिला की शिनाख्त सुमन वासी फौजी प्लाट के रूप हुई, जो कि मांग कर अपना गुजारा करती थी। पुलिस ने मृतक की बेटी उषा की शिकायत पर 174 की कार्रवाई करके शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया। सिटी थाना एसएचओ जगदीश टामक ने बताया कि महिला अपनी बेटी के साथ फौजी प्लाट में किराए के मकान में रहती थी। महिला तीर्थ पर मांग कर अपना गुजारा करती थी। महिला शराब का भी सेवन करती थी। शाम करीब 6 बजे आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी जनाना घाट सरोवर में एक शव तैर रहा है। आशंका जताई जा रही है कि महिला शराब के नशे में पानी में गिर गई और डूबने से उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने इत्तेफाकिया रपट करके शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
कार की टक्कर से बाइक चालक की मौत
ढांड रोड पर गुरुकुल कुरुक्षेत्र के पास कार की टक्कर लगने से बाइक चालक की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान दीपक वासी गांव सेरधा (कैथल) के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई की शिकायत पर केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। थाना केयूके में दर्ज शिकायत में दयाल सिंह वासी दीदार नगर ने कहा कि वीरवार शाम करीब सात बजे वह अपने चचेरे भाई दीपक के साथ अपनी-अपनी बाइक पर कुरुक्षेत्र से कैथल जा रहे थे। दीपक अपनी बाइक पर उसके आगे चल रहा था। जैसे ही वह गुरुकुल कुरुक्षेत्र के पास पहुंचे तो सामने आ रही एक कार के चालक ने उसके चचेरे भाई की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उसका भाई बाइक समेत सड़क पर गिर गया, जिसके सिर पर व बाजू में काफी गहरी चोट लगी थी। उसने निजी वाहन से लहुलुहान अवस्था में दीपक को कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने दीपक मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर मामला दर्ज करके शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया।