Food supply and Hafed agencies bought 16080 MT wheat on the seventh day
- फोटो : Kurukshetra
कुरुक्षेत्र। जिलेभर की अनाज मंडियों में गेहूं की आवक के साथ खरीद भी सुचारू रूप से चल रही है। इसके साथ ही उठान का कार्य भी शुरू हो चुका है। सातवें दिन मंडियों में 16080 एमटी गेहूं की खरीद हुई। इसमें फूड सप्लाई ने 9941 एमटी और हैफेड 6139 एमटी गेहूं खरीदा। कुरुक्षेत्र में अब ब्रह्मसरोवर पर भी किसानों द्वारा गेहूं डाला जा रहा है। जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिलेभर की मंडियों में वीरवार तक 23391 एमटी गेहूं की खरीद हो चुकी है। इसमें 15142 एमटी की खरीद अकेले फूड सप्लाई एजेंसी ने की है।
वहीं एफसीआई और एचडब्ल्यूसी एजेंसी ने अभी तक खरीद शुरू ही नहीं की है। अब तक अजराना कलां 103 एमटी, बाबैन में 807 एमटी, गुमथला गढू 1033, इस्माईलाबाद 3190 एमटी, झांसा में 656 एमटी, कराह साहिब में 694, थानेसर में 5212 एमटी, लाडवा में 2356 एमटी, पिहोवा में 4920 एमटी, पिपली में 1429 एमटी, शाहाबाद में 2270 एमटी और ठोल में 721 एमटी गेहूं की फसल खरीदी गई।
जिलेभर की मंडियों में अब तक 4923 गेट पास काटे जा चुके हैं। इन गेट पास के जरिए इन मंडियों में करीब 29583 एमटी गेहूं की आवक हो चुकी है, जिसमें 23391 एमटी गेहूं खरीदा जा चुका है। थानेसर मार्केट कमेटी के सचिव हरजीत सिंह ने बताया कि वीरवार को थानेसर अनाज मंडी में 52 हजार 120 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई है। मंडी में लगातार गेहूं की आवक हो रही है। व्यवस्था के लिए एजेंसियों ने उठान कार्य भी शुरू कर दिया है ताकि मंडी ब्लॉक न हो।