पिहोवा। अरुणाय रोड स्थित एक किसान के गोदाम से गेहूं से भरे 250 कट्टे चुराने के आरोप में पुलिस ने पांच लोगों को नामजद किया है। पुलिस गहनता से मामले की छानबीन कर रही है। थाना सदर पुलिस को दी शिकायत में बुधराज निवासी मॉडल टाउन ने बताया कि उसका अरुणाय रोड पर गोदाम है। इस गोदाम पर उसका खेतीबाड़ी का सामान रखा जाता है। उसकी गांव अरुणाय और गुमथलागढू में जमीन है। गेहूं की कटाई के बाद उसने 27 अप्रैल को गेहूं से भरे 250 कट्टे गोदाम में रखे थे। दो मई को वह दोपहर तीन बजे अपने गोदाम गया था तो गोदाम का पिछली साइड वाला शटर टूटा हुआ था।
जांच की तो गोदाम से गेहूं से भरे 250 कट्टे चोरी हो गए थे। तभी उसने गोदाम के पास दिनेश वासी सरस्वती खेड़ा (भट्टमाजरा) को घूमते हुए देखा। पूछताछ करने के लिए उसने दिनेश को बुलाया तो दिनेश मौके से फरार हो गया। उसका पीछा करते हुए वह दिनेश के घर तक पहुंच गया। यहां दिनेश की मां से चोरी के बारे में बातचीत की तो उसकी मां ने दिनेश से फोन बातचीत की, जिसमें आरोपी ने गोदाम से चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। दिनेश ने फोन पर अपनी मां को बताया कि इस चोरी में उसके साथ अन्य लोग भी शामिल हैं। उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर बिल्लू कश्यप की बोलेरो गाड़ी में रात के समय कट्टे चोरी करके ढांड रोड पर डेराबाजीगर में उतारी है।
शिकायतकर्ता ने दिनेश और उसकी मां के बीच फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग भी पुलिस के हवाले की है। शिकायत पर पुलिस ने दिनेश, कालू, करण, सचिन और कुलदीप वासीयान सरस्वती खेड़ा को नामजद करते हुए अन्य के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।