संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसान सोमवार की सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक रेलवे स्टेशन पर लखीमपुर खीरी प्रकरण के विरोध में रेल रोकेंगे। इससे पहले किसान सुबह नौ बजे रेलवे स्टेशन की पार्किंग के पास एकत्रित होंगे। किसान नेताओं की ओर से अधिक से अधिक संख्या में किसानों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की जा रही है।
स्टेशन अधीक्षक के अनुसार सुबह 10 बजे से लेकर शाम चार बजे तक 25 ट्रेनें अप-डाउन करती हैं। ऐसे में रेल यातायात बाधित होने से करीब सवा लाख यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ेगी। उधर, रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) ने भी आंदोलन को लेकर कमर कस ली है। आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि किसानों के रेल रोको आंदोलन के मद्देनजर आरपीएफ के एक कमांडेंट के साथ 40 जवान स्टेशन पर तैनात रहेंगे। सुरक्षा को लेकर स्टेशन पर एक दमकल वाहन और एक एंबुलेंस भी मौजूद रहेगी। दूसरी ओर भारतीय किसान यूनियन (चढूनी ग्रुप) के जिला प्रधान कृष्ण कलाल माजरा ने कहा कि किसानों द्वारा रेल रोको आंदोलन शांति पूर्वक किया जाएगा। किसान शांति से सुबह नौ बजे स्टेशन के बाहर पार्किंग में एकत्रित होंगे और 10 बजे रेलवे ट्रैक पर बैठेंगे और शाम चार बजे आंदोलन समाप्त करेंगे।
स्टेशन परिसर पर होगी विशेष निगरानी : जीआरपी थाना प्रभारी
गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (जीआरपी) कुरुक्षेत्र के थाना प्रभारी ईशम सिंह ने बताया कि आंदोलन के मद्देनजर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिया गया है। जीआरपी की ओर से दस जवान तैनात रहेंगे। सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक स्टेशन परिसर की विशेष निगरानी रखी जाएगी।
उच्चाधिकारियों की ओर से नहीं कोई सूचना: स्टेशन अधीक्षक
स्टेशन अधीक्षक केके सिंह का कहना है कि उनके पास किसानों के रेल रोको आंदोलन को लेकर उच्चाधिकारियों की ओर से कोई सूचना नहीं मिली है। समाचार पत्र के माध्यम से ही पता चला कि सोमवार को किसानों का आंदोलन रहेगा। सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक करीब 25 ट्रेनें अप-डाउन करती हैं। आंदोलन के दौरान इनके प्रभावित होने से करीब सवा लाख यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ेगी।