हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा 7, 8 व 9 जनवरी को पटवारी, कैनाल पटवारी और ग्राम सचिव की परीक्षाएं आयोजित कराई जाएगी। इसी संदर्भ में शुक्रवार को लघु सचिवालय में उपायुक्त मुकुल कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें एचएसएससी के सदस्य कवलजीत सैनी सहित अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में एचएसएससी के सदस्य कवलजीत सैनी ने कहा कि पटवारी, कैनाल पटवारी और ग्राम सचिव की परीक्षाओं को शांतिपूर्ण तथा नकल रहित संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आयोग की तरफ से परीक्षा केंद्र के प्रत्येक कक्ष में 2 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और प्रत्येक विद्यार्थी की मूवमेंट को आयोग की अधिकारी देख सकेंगे।
उपायुक्त मुकुल कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 7,8 व 9 जनवरी को कुरुक्षेत्र में होने वाली पटवारी, कैनाल पटवारी और ग्राम सचिव की परीक्षाओं के लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाए और इन परीक्षाओं के लिए जिला शिक्षा अधिकारी अरुण आश्री को नोडल अधिकारी के रूप में जिम्मेवारी दी गई है। इसके साथ ही कुरुक्षेत्र में एक सेशन में सभी परीक्षा केंद्र में करीब 16 हजार परीक्षार्थी परीक्षा दे सकेंगे।
आयोग के सदस्य कवलजीत सैनी ने कहा कि प्रदेश में तीनों दिन परीक्षाओं में 10 लाख 30 हजार परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा केंद्रों में 2 बार बायोमैट्रिक प्रणाली से हाजिरी होगी। पहले कमरे में जाने से पहले और दूसरी कमरे में बैठने के बाद विद्यार्थियों की बायोमेट्रिक हाजिरी ली जाएगी। इसके लिए एजेंसियों को सख्त हिदायत दी गई हैं कि आधुनिक यंत्रों का प्रयोग किया जाए। सुबह के समय की परीक्षा 10 से साढ़े 11 बजे तक होगी। कहा कि जो विद्यार्थी नकल करते हुए पकड़ा गया उसे 3 साल की सजा और किसी शिक्षक और अन्य व्यक्ति नकल करते पकड़ा गया तो उसे 5 साल की सजा होगी। अगर कोई एजेंसी की मिलीभगत मिली तो 7 साल की सजा के साथ-साथ एजेंसी के मालिक की संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस मौके पर एडीसी अखिल पिलानी,एएसपी कर्ण गोयल, एसडीएम नरेंद्र पाल मलिक,एसडीएम सोनू राम, जिला शिक्षा अधिकारी अरुण आश्री सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।