पिहोवा। जिला नगर योजनाकार की टीम ने गांव मुरथली में विकसित हो रही अवैध कॉलोनी में जिला प्रशासन की मदद से तोड़फोड़ की कार्रवाई की, जिससे संबंधित लोगों में हड़कंप मचा रहा। जिला नगर योजनाकार अधिकारी अरविंद्र ढुल ने बताया कि इस दौरान यूएचबीवीएन के एडीओ बलवान सिंह को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था।
पुलिस बल के साथ पिहोवा-चीका रोड पर चार एकड़ में पनप रही एक अवैध कॉलोनी में निर्मित मिट्टी की सड़कों के जाल व डीपीसी, प्लाॅटों की नीवों को पीले पंजे से हटाया गया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में विभाग द्वारा भूस्वामी और प्रॉपर्टी डीलरों को एचडीआर एक्ट 1975 की धाराओं के तहत नोटिस जारी कर जरूरी अनुमति लेने के आदेश दिए गए थे। परंतु भूस्वामी और प्रॉपर्टी डीलरों ने न तो अवैध काॅलोनियों में किए जा रहे निर्माण को रोका और न ही विभाग से अनुमति प्राप्त की।
उन्होंने लोगों को सचेत करते हुए कहा कि सस्ते प्लाॅटों के चक्कर में प्रॉपर्टी डीलर के बहकावे में आकर प्लाॅट न खरीदें और न ही किसी प्रकार का निर्माण कार्य करें। इतना ही नहीं जमीन की खरीद करने से पहले डीटीपी कार्यालय से कॉलोनी की वैधता और अवैधता की जानकारी प्राप्त कर लें।